समाचार · बिहार
छठ के लिए बने पोखर में डूबने से तीन बच्चियों की मौत, नहाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

Patna Three girls Death : छठ पूजा की तैयारियों के बीच मंगलवार को हिंदुनी गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया. गांव के समीप सड़क किनारे छठ पूजा के लिए बनाए गए पोखर में नहाने के दौरान तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गयी. बताया जाता है कि नहाते समय तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गयीं और डूबने लगीं. हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गयीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, छठ पूजा की तैयारी के सिलसिले में पोखर में कई बच्चे नहा रहे थे. इसी दौरान तीन बच्चियां गहरे पानी में चली गयीं. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें पोखर से बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. मृत बच्चियों में मनोज पासवान की बेटी, रामभरत राय की बेटी और मनोज पासवान की नतिनी शामिल हैं.
एक साथ तीन मौतों से परिवारों में मचा कोहराम
तीनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस गांव में छठ महापर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है. एक साथ तीन बच्चियों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. घटनास्थल के पास ही जिला परिषद सदस्य का घर है. उनके पति दशरथ पासवान भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों व ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे. पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
छठ की खुशियों के बीच पसरा मातम
छठ महापर्व को लेकर गांव में चल रही तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. तीन बच्चियों की मौत से परिवारों की खुशियां छिन गयीं. घटना ने छठ पूजा के लिए बनाए गए अस्थायी पोखरों और जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है.
Also Read : मनेर में तीन दिन से लापता 5 साल के बिक्कू का पानी भरे गड्ढे में मिला शव, हत्या की आशंका