समाचार · मध्य प्रदेश
कार पलटने से बुजुर्ग किसान की मौत, 7 घायल:पुलिस ने सभी को बाहर निकाला; अस्थियां विसर्जित कर लौट रहा था परिवार
दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र में नकटी गांव के पास सोमवार रात करीब 2 बजे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि परिवार के 7 लोग घायल हो गए। परिवार प्रयागराज में अस्थियां विसर्जित कर वापस लौट रहा था। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एक घायल की हालत गंभीर घायलों को गैसाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने वृंदावन को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे सागर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मृतक वृंदावन रजक (65) बटियागढ़ थाना क्षेत्र के मेनवार गांव का रहने वाला था और मजदूरी करता था। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अस्थियां विसर्जित कर लौट रहा था परिवार मृतक के भतीजे झल्लू रजक ने बताया कि उनके पिता की मौत के बाद परिवार के लोग रविवार रात अस्थियां लेकर प्रयागराज गए थे। सोमवार को अस्थि विसर्जन करने के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे। नकटी गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय सभी लोग सो रहे थे। कार पलटने के बाद चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में उनके चाचा की मौत हो गई और परिवार के सात लोग घायल हो गए। नींद आने से हादसे की आशंका पुलिस के अनुसार हादसे में ड्राइवर भी घायल हुआ है। आशंका है कि देर रात ड्राइवर को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि, हादसे की असल वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। गैसाबाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।