समाचार · मध्य प्रदेश
साल में 3 बार पर्यावरण अभियान चलाएंगे शिवराज:बोले- आने वाली पीढ़ियों में पशु-पक्षी भी महत्वपूर्ण; विश्व पर्यावरण दिवस और गोवर्धन पूजा पर होंगे आयोजन
भोपाल के स्मार्ट पार्क में गोवर्धन पूजा के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूजन-अर्चन के बाद पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए साल में तीन विशेष आयोजन करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ‘वृक्ष मित्र परिवार’ संगठन के माध्यम से ये आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस, हरियाली अमावस्या और गोवर्धन पूजा पर किए जाएंगे। शिवराज ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों की बात करते समय केवल इंसानों को नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों को भी ध्यान में रखना जरूरी है। तीन अवसरों पर होंगे बड़े आयोजन मीडिया से बातचीत में शिवराज ने बताया कि ‘वृक्ष मित्र परिवार’ नाम से एक संगठन बनाया गया है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरण और अभियान चलाना है। इस मुहिम से देशभर के लोग जुड़ रहे हैं। संगठन की ओर से साल में तीन विशेष अवसरों पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम होंगे। पहला आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस, दूसरा हरियाली अमावस्या और तीसरा गोवर्धन पूजा पर किया जाएगा। हर विशेष अवसर पर पौधा लगाने की अपील शिवराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति की आराधना का पर्व है। इस दिन पौधा लगाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ, बच्चों के जन्मदिन और पूर्वजों की पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर पौधा लगाएं। पशु-पक्षियों के लिए भी जरूरी हैं पेड़ शिवराज ने कहा कि जब हम आने वाली पीढ़ियों की बात करते हैं, तो उसमें केवल इंसान ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी और कीट-पतंगे भी शामिल हैं। पेड़-पौधे पूरी जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र का आधार हैं। इनके बिना धरती पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। 2021 में लिया था रोज पौधा लगाने का संकल्प शिवराज ने 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती पर प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था। इसकी शुरुआत उन्होंने अनूपपुर जिले के अमरकंटक में रुद्राक्ष और साल का पौधा लगाकर की थी। जानकारी के मुताबिक, इस संकल्प के तहत वे अब तक देशभर में 4,500 से अधिक पौधे लगा चुके हैं। मध्य प्रदेश सहित 20 से अधिक राज्यों में उनके लगाए पौधे अब पेड़ों का रूप ले रहे हैं। अब तक लगा चुके हैं कितने पौधे? प्रतिदिन एक पौधा लगाने के अपने संकल्प के तहत शिवराज सिंह चौहान अब तक देश भर में 4,500 से अधिक पौधे लगा चुके हैं। कई मौकों पर वे एक से अधिक पौधे भी लगाते हैं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, विशिष्ट अतिथियों व आम नागरिकों को भी इस अभियान में शामिल करते हैं। उनके द्वारा मध्य प्रदेश सहित देश के 20 से अधिक राज्यों में लगाए गए ये पौधे आज लहलहाते पेड़ों का रूप ले रहे हैं।