national
दिवाली के बाद भी पटाखों पर सख्ती, दिल्ली में पूरी तरह बैन; मुंबई में रॉकेट पर रोक, कई शहरों की हवा हुई खराब

दिवाली के बाद देश के कई शहरों में पटाखों से होने वाले प्रदूषण और आग की घटनाओं को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. दिल्ली-NCR में 9 नवंबर से पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध फिर लागू हो गया है. मुंबई में रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर 25 नवंबर तक रोक लगा दी गई है. वहीं, कोलकाता में दिवाली की रात तय समय-सीमा के बाद भी पटाखे जलाने की घटनाएं सामने आईं. इसका असर शहरों की हवा के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण पर भी दिखा है.
शहरों में पटाखों को लेकर क्या हैं नियम?
दिल्ली-NCR: सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली के मौके पर 7 और 8 नवंबर को ही प्रमाणित ग्रीन पटाखे जलाने की सीमित छूट दी थी. इसके लिए सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक का समय तय किया गया था. अस्पतालों, नर्सिंग होम, शिक्षण संस्थानों और साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर रोक थी. कोर्ट के आदेश के मुताबिक 9 नवंबर से पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध फिर लागू हो गया है.
मुंबई और ठाणे: पटाखों से आग लगने की घटनाओं के बाद BMC ने मुंबई में रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले दूसरे पटाखों पर 25 नवंबर तक रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध आवासीय इमारतों, छतों, बालकनी, पार्किंग और सार्वजनिक जगहों सहित BMC क्षेत्र में लागू है. ठाणे जिले में भी इसी तरह का प्रतिबंध लगाया गया है.
नागपुर: दिवाली के दौरान पटाखे जलाने पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रोक थी. इसके बावजूद नगर निगम के फायर कंट्रोल रूम को इसी अवधि में 24 आपातकालीन कॉल मिलीं. शहर में 24 घंटे के दौरान आग लगने की 42 घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 34 पटाखों से जुड़ी बताई गईं.
फिलहाल नागपुर नगर निगम ने शहर में स्काई रॉकेट, रॉकेट शॉट्स, हवाई गोले और आसमान में उड़ने वाले अन्य पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है. यह प्रतिबंध 9 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे से 30 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगा.
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में दिवाली के दिन केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति रात 8 से 10 बजे तक थी. अस्पतालों, नर्सिंग होम, अदालतों और शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर रोक थी. हालांकि, नियमों के उल्लंघन की कई शिकायतें दर्ज हुईं.
तमिलनाडु: राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिवाली के लिए पटाखे जलाने की अनुमति सुबह 6 से 7 बजे और शाम 7 से 8 बजे तक दी थी. लोगों से कम उत्सर्जन वाले ग्रीन पटाखे इस्तेमाल करने की अपील की गई थी. यह समय-सीमा दिवाली के दिन के लिए थी.
दिवाली के बाद प्रमुख शहरों में कितना रहा AQI?
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 नवंबर को दर्ज शहरों के AQI में दिल्ली सबसे ऊपर रही. उसी रिपोर्ट में अन्य शहरों की स्थिति इस प्रकार बताई गई है.
कोलकाता में पटाखों के नियम टूटे, 205 लोग गिरफ्तार
दिवाली और काली पूजा की रात कोलकाता में तय समय के बाद भी पटाखे जलाने की शिकायतें मिलीं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने पटाखे जलाने के मामले में 205 लोगों को गिरफ्तार किया और करीब 240 किलो अवैध पटाखे जब्त किए. वहीं, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को रात 1 बजे तक शोर से जुड़ी 84 शिकायतें मिलीं. कोलकाता पुलिस कंट्रोल रूम में 434 शिकायतें दर्ज हुईं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में हवा की रफ्तार बढ़ी, 77 अंक सुधरा प्रदूषण का स्तर; फिर भी 23 इलाकों में सांस लेना मुश्किल
दिवाली के बाद भी क्यों चिंता की बात?
पटाखों से निकलने वाला धुआं हवा में सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ाता है. ठंड बढ़ने, हवा की रफ्तार कम होने और प्रदूषकों के जमीन के करीब जमा होने से इसका असर लंबे समय तक बना रह सकता है. ऐसे में पटाखों पर तय पाबंदियों का पालन और स्थानीय स्तर पर निगरानी जरूरी है.