Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

NH-63 पर सर्राफा व्यापारी से 2 करोड़ की लूट:कनपटी पर बंदूक और चाकू अड़ाकर सोना-चांदी से भरा बैग ले गए बदमाश, भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था व्यापारी

INT News10 November 2026 at 12:51 pm

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 में अज्ञात बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी से करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। व्यापारी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद कर एक अन्य व्यापारी के साथ बुकिंग पर ली गई निजी गाड़ी से गीदम स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र में बीच जंगल में 2 बदमाशों ने लिफ्ट लेने के लिए रास्ते में गाड़ी रुकवाई। वे गाड़ी में बैठे और फिर व्यापारी और ड्राइवर की कनपटी पर बंदूक तान दी। चाकू की नोक पर धमकाकर बदमाश सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक, बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। वहीं, 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी बैग में रखे थे, जिनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपए बताई जा रही है। लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक मामले की FIR अभी दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कितने की लूट हुई है। हाथ दिखाकर रुकवाई गाड़ी, फिर तान दी बंदूक जानकारी के मुताबिक, व्यापारी स्वरुप सोनी शाम के समय भैरमगढ़ से गीदम के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ एक अन्य व्यापारी भी था। दोनों निजी गाड़ी बुक कर अपने निवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने सड़क पर हाथ दिखाकर गाड़ी रुकवाई। इसके बाद दो लोग गाड़ी में सवार हो गए और कुछ दूर आगे ले जाने के बाद व्यापारी और ड्राइवर को हथियारों के दम पर धमकाया। बदमाशों ने दोनों की कनपटी पर बंदूक तान दी और चाकू भी अड़ा दिया। इसके बाद सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। कुछ दूरी पर फेंके मोबाइल, पुलिस जांच में जुटी वारदात के बाद बदमाश कुछ दूरी पर व्यापारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। वारदाता के बाद किसी तरह व्यापारी पुलिस थाना पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। बदमाश कौन थे और उन्होंने वारदात को किस तरह अंजाम दिया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के रास्तों और वारदात स्थल से जुड़े सुराग खंगाल रही है। नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल का कहना है कि लूट कितने ग्राम सोने-चांदी के आभूषणों की हुई है ये अभी स्पष्ट नहीं है। व्यापारी हिसाब कर के आएंगे बोले हैं। उन्होंने कहा कि, हम मामले की जांच कर रहे हैं। दो दिन पहले जगदलपुर में भी हुई थी 1.74 करोड़ की चोरी दिवाली से पहले धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सर्राफा दुकान में भी चोरी हुई थी। ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपए बताई गई थी। हालांकि, इस सबंध में पुलिस जल्द ही खुलासा कर सकती है।