समाचार · मध्य प्रदेश
देवास में तेज रफ्तार मिनी ट्रक संकेतक बोर्ड से टकराया:चालक केबिन से उछलकर सड़क पर गिरा; तीन लोग घायल
देवास में सिविल लाइन चौराहे के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार मिनी ट्रक संकेतक बोर्ड से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोर्ड सड़क पर गिर गया और चालक केबिन से उछलकर बाहर जा गिरा। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। मिनी ट्रक इंदौर से भोपाल की ओर जा रहा था। उसमें गोलू और महेंद्र भी सवार थे, जो लिफ्ट लेकर सफर कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों सीहोर जिले के रहने वाले हैं और उनकी बाइक भी मिनी ट्रक में रखी हुई थी। तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद घायल चालक रविंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, गोलू और महेंद्र को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उन्हें उज्जैन रोड स्थित एक निजी अस्पताल भेज दिया गया। क्रेन से हटाया गया संकेतक बोर्ड सूचना मिलने पर ट्रैफिक थाना प्रभारी पवन बागड़ी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को अस्पताल पहुंचाया। सड़क पर गिरे संकेतक बोर्ड को क्रेन की मदद से हटाया गया। पवन बागड़ी ने बताया कि क्रेन से बोर्ड को रास्ते से हटवा दिया गया। हादसा देर रात हुआ था, उस समय सड़क पर यातायात कम था।