Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बिलासपुर में मुरूम-रेत का अवैध उत्खनन:विरोध पर हाईवा-JCB छोड़कर भागे ड्राइवर; बोले- कलेक्टर से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

INT News10 November 2026 at 12:43 pm

बिलासपुर स्थित तखतपुर के बिनौरी में सरकारी जमीन से मुरूम और कोटा क्षेत्र में अरपा नदी से रेत का अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। विरोध करने पहुंचे स्थानीय लोगों को देखकर ड्राइवर हाईवा और JCB छोड़कर भाग गए। आरोप है कि लोगों ने कलेक्टर से शिकायत की, लेकिन अब तक खनिज विभाग ने कार्रवाई नहीं की है। स्थानीय लोगों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि तखतपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बिनौरी में सरपंच पति और सचिव की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर मुरूम का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। यह भी आरोप है कि उनके संरक्षण में पंचायत की सहमति के बिना खुदाई की जा रही है। मुरूम का निजी और व्यावसायिक उपयोग कर गांव की खनिज संपदा का दोहन किया जा रहा है। दो ट्रक और JCB छोड़कर भागे ड्राइवर शिकायत के मुताबिक, अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर उत्खनन में लगे ड्राइवर और मजदूर वाहन और मशीनें छोड़कर भाग गए। मौके पर दो भारी ट्रक CG 10 AU 5589 और CG 10 F 5289 के साथ एक JCB मशीन खड़ी मिली। लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया है। जिसमें JCB से सरकारी जमीन की खुदाई कर मुरूम निकालते लोग दिखाई दे रहे हैं। कलेक्टर और खनिज विभाग से शिकायत, कार्रवाई नहीं इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कलेक्टर संजय अग्रवाल और खनिज विभाग से शिकायत की गई है। तखतपुर SDM और सकरी थाना प्रभारी को भी इसकी जानकारी दी गई है। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने अवैध खनन पर रोक नहीं लगाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। कोटा में रेत उत्खनन का आरोप लोगों का आरोप है कि कोटा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी अरपा नदी से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। आरोप है कि यह काम कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में चल रहा है। कांग्रेस नेताओं के समर्थक खनिज अधिकारियों से मिलीभगत कर रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।