Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

लुधियाना में सेहत विभाग के कोल्ड स्टोरों पर छापे:3 महीने पहले बनी 1 टन से ज्यादा मिठाइयां नष्ट करवाईं, दिवाली पर होनी थी सप्लाई

INT News31 October 2026 at 08:48 pm

लुधियाना में दिवाली से पहले लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न कोल्ड स्टोरों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान करीब 2 से 3 महीने पुरानी एक टन से अधिक मिठाइयां नष्ट करवाई गईं। वहीं, पेठा, गुलाब जामुन और रसगुल्ले के 3 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य पुरानी मिठाइयों को दिवाली के दौरान बाजार में बिकने से रोकना है। कोल्ड स्टोरों में लंबे समय से रखी थीं मिठाइयां खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सामने आया कि कुछ हलवाइयों की तैयार की गई मिठाइयां लंबे समय से कोल्ड स्टोरों में रखी हुई थीं। इनमें पेठा, गुलाब जामुन, रसगुल्ले और अन्य प्रकार की मिठाइयां शामिल थीं। विभागीय टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक टन से अधिक मिठाइयां नष्ट करवाईं। अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण पुरानी मिठाइयों को बाजार में खपाने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए कोल्ड स्टोरों की जांच की जा रही है। दूध, पनीर और खोया भी विभाग के रडार पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला ने बताया कि दिवाली के दौरान मिठाइयों के साथ दूध, पनीर, खोया और दूध से बने अन्य उत्पादों की मांग भी बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ कारोबारी अधिक मुनाफा कमाने के लिए पुरानी या अनुचित तरीके से स्टोर की गई खाद्य वस्तुएं बेच सकते हैं। इसे रोकने के लिए मिठाई की दुकानों, डेयरियों, उत्पादन इकाइयों और कोल्ड स्टोरों की नियमित और औचक जांच की जा रही है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण और निर्धारित तापमान के नियमों की जांच की जा रही है। नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई डॉ. चावला ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे केवल ताजा और सुरक्षित मिठाइयां ही बेचें। खाद्य पदार्थों को तैयार करने और स्टोर करने के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखें। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का पालन करना और वैध लाइसेंस या पंजीकरण रखना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग का अभियान दिवाली के बाद भी जारी रहेगा। लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की कि दिवाली पर मिठाइयां साफ-सुथरी और लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खरीदें। सस्ती मिठाइयों के लालच में गुणवत्ता से समझौता न करें। खुले में रखी, बासी या संदिग्ध गुणवत्ता वाली मिठाइयां खरीदने से बचें। यदि कहीं मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो विभाग को सूचित करें।