Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री 31 अक्टूबर को बैतूल में बोनस बांटेंगे:पुलिस ग्राउंड में विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे; तीन डोम लगे

INT News29 October 2026 at 04:52 pm

बैतूल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 अक्टूबर को आएंगे। वे पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कमिश्नर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोपहर 1 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे मिलानपुर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे पुलिस ग्राउंड के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1.30 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद हितग्राहियों को सामग्री वितरण सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। दोपहर 2.13 बजे से 2.43 बजे तक मुख्यमंत्री का संबोधन प्रस्तावित है। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे। बारिश की संभावना के चलते तीन बड़े डोम टेंट कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ग्राउंड में व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए तीन बड़े डोम टेंट लगाए गए हैं। यहां विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री इन स्टॉलों का अवलोकन करेंगे। 625 बसों से लोगों को लाने की व्यवस्था कार्यक्रम में लोगों को लाने के लिए परिवहन की व्यवस्था भी की गई है। प्रस्तावित योजना के अनुसार छिंदवाड़ा से 75, नर्मदापुरम से 50 और बैतूल जिले से करीब 500 बसें लगाई जाएंगी। इस तरह कुल 625 बसों से लोगों के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था प्रस्तावित है। कार्यक्रम में छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम संभाग के जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है। 500 अतिरिक्त जवानों की तैनाती मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। जिले के पुलिस बल के अलावा करीब 500 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए रायसेन, हरदा, नर्मदापुरम सहित अन्य स्थानों से पुलिस बल और एसएएफ की कंपनियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। पुलिस मुख्यालय से भी एसएएफ कंपनियां मिलने की जानकारी है। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके लिए अन्य जिलों से स्टॉपर भी मंगाए जा रहे हैं। नर्मदापुरम से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) की टीम भी बैतूल पहुंचेगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, जिले के अन्य विधायक और भाजपा जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। प्रभारी मंत्री के रूप में राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। बडोरा में कुंबी समाज की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बैतूल के बडोरा में कुंबी समाज की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया गया है। हालांकि, इस कार्यक्रम का अंतिम कार्यक्रम और समय अभी तय होना बाकी है। 29 अक्टूबर की रात से बंद रहेंगी चौपाटी की 122 दुकानें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ग्राउंड के पास स्थित चौपाटी की करीब 122 दुकानें बंद रखी जाएंगी। राजस्व निरीक्षक बृज गोपाल परते ने बताया कि चौपाटी को 29 अक्टूबर की रात से बंद कराया जाएगा। दुकानें 30 अक्टूबर और 31 अक्टूबर की शाम तक बंद रहेंगी। दुकानदारों को दो-तीन दिन पहले ही इसकी सूचना दे दी गई है। उन्हें दुकान परिसर में गैस टंकियां नहीं रखने के लिए भी कहा गया है। सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल के आसपास जरूरी इंतजामों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।