समाचार · छत्तीसगढ़
जमानत पर छूटने के बाद युवती को किया प्रताड़ित:युवती ने लगाई फांसी, आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी थाना क्षेत्र में युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने 24 वर्षीय युवक त्रिलोचन मरकाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी का झूठा वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद भी आरोपी कथित तौर पर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। युवती ने 27 अक्टूबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। शादी का झूठा वादा करने की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका गनेश्वरी बैद्य ने आरोपी त्रिलोचन मरकाम के खिलाफ शादी का झूठा वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर 12 सितंबर 2026 को विश्रामपुरी थाने में अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने 13 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जगदलपुर जेल भेज दिया गया था। जमानत पर छूटने के बाद प्रताड़ित करने का आरोप पुलिस के मुताबिक, न्यायालय से जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी कथित तौर पर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था। इसके बाद 27 अक्टूबर को युवती ने आत्महत्या कर ली। घटना के अगले दिन, 28 अक्टूबर को प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ा घटना के बाद से आरोपी फरार था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्रामपुरी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी त्रिलोचन मरकाम (24), पिता जयसिंह मरकाम, निवासी ग्राम हात्मा स्कूलपारा को गिरफ्तार किया। इसके बाद 29 अक्टूबर को उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।