Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कटनी में CJP के प्रोटेस्ट में शामिल हुआ शिक्षक गिरफ्तार:शिक्षा व्यवस्था पर उठाए थे सवाल; सस्पेंड के बाद FIR दर्ज कर भेजा जेल

INT News1 August 2026 at 04:51 pm

कटनी जिले में शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर उठा विवाद गहरा गया है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के बैनर तले प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा विभाग की कमियों को उजागर करने वाले शिक्षक वरुण नायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटनाक्रम 25 जुलाई को कटनी के फॉरेस्टर ग्राउंड में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। शिक्षक वरुण नायक का आरोप है कि शिक्षा नीतियों के खिलाफ बोलने और नकल व्यवस्था की पोल खोलने के कारण उन पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई की गई है। वहीं, स्कूल प्रशासन और पुलिस का दावा है कि शिक्षक ने स्कूल में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। वीडियो जारी व्यवस्था पर उठाए सवाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलहरी में प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) के पद पर कार्यरत वरुण नायक ने 25 जुलाई के प्रदर्शन के बाद एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपना नाम बताते हुए आरोप लगाया था कि उनके स्कूल से लेकर तहसील और जिला स्तर पर BEO व DEO स्तर पर भ्रष्टाचार और नकल फिक्स है। उन्होंने यह भी कहा था कि 11वीं-12वीं के कई छात्र 'Result' और 'Pass' की स्पेलिंग तक नहीं लिख पाते। 28 जुलाई को सस्पेंड का आदेश किया जारी शिक्षक के इस बयान और वीडियो के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने 28 जुलाई 2026 को वरुण नायक के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। घटनाक्रम ने 30 जुलाई को तब नया मोड़ लिया, जब सुबह लगभग 11:40 बजे वरुण नायक बिलहरी स्कूल पहुंचे। प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार तिवारी (55) ने इस संबंध में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सह प्राचार्य को पीटने का आरोप लगा प्राचार्य के आरोप के अनुसार, जब उन्होंने शिक्षक को निलंबन आदेश दिया, तो वरुण नायक ने उसे फाड़ दिया। इसके बाद उन्होंने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। मना करने पर शिक्षक ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में कहा गया कि शिक्षक ने पूर्व प्राचार्य रेखा तिवारी पर निलंबन कराने का आरोप लगाते हुए उनके बाल पकड़कर घसीटा और थप्पड़ मारकर जमीन पर गिरा दिया। बीच-बचाव के लिए अन्य स्टाफ सदस्य (मनीष गौतम, सुनील गौतम, शोएब रजक आदि) आगे आए।

​सूचना मिलने पर जब बिलहरी चौकी से पुलिस बल (राम सिंह, व्यास गुप्ता, सौरभ जैन) मौके पर पहुंचा, तो आरोपी शिक्षक उनसे भी भिड़ गया और जमीन पर लेटने लगा, जिससे एक पुलिसकर्मी को चोटें आईं।

​भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

​प्राचार्य देवेंद कुमार तिवारी की शिकायत पर बिलहरी चौकी (थाना कुठला) पुलिस ने आरोपी शिक्षक वरुण नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119, 296, 115(2) और 351(3) के तहत शासकीय दस्तावेज फाड़ने, मारपीट, गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा डालने और धमकी देने की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

स्कूल में विवाद की सूचना पर पुलिस टीम भेजी गई थी। आरोपी शिक्षक वहां हंगामा कर रहे थे। रोकने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। पुलिस पर मारपीट के लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। विधिसम्मत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।