समाचार · उत्तर प्रदेश
Lucknow Crime: मिलने के बहाने बुलाया, फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, सड़क पर गिरा युवक, अस्पताल में मौत

UP Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में 25 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि युवक को कुछ लोगों ने मिलने के बहाने बुलाया था. वहां पहुंचते ही उस पर चाकू से कई वार किए गए. गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा. घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक खून से सने कपड़ों में भागता दिखाई दे रहा है.
घर से बाइक लेकर निकला था रेहान
मृतक की पहचान रेहान गाजी (25) के रूप में हुई है. वह सआदतगंज के रामनगर इलाके का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब नौ बजे वह बाइक लेकर घर से निकला था. घर से लगभग 200 मीटर दूर कैंपवेल रोड स्थित अंबेडकर पार्क के पास उसे मिलने के लिए बुलाया गया था. परिजनों के मुताबिक, मौके पर उजैफा नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद था. रेहान के वहां पहुंचते ही उस पर चाकू से हमला कर दिया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
सीसीटीवी फुटेज में खून से सने कपड़ों में भागता दिखा युवक
वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक युवक खून से सने कपड़ों में भागता दिखाई दे रहा है. वहीं, रेहान सड़क पर गिरा नजर आता है. वीडियो में आसपास मौजूद लोग घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं.
ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम, आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और रेहान को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले गए. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. डीसीपी पश्चिम के मुताबिक, परिजनों ने उजैफा और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है. शुरुआती जांच में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है.
Also Read: Meerut: पुलिस को देख भागने लगा 25 हजार का इनामी सोनू पंडित, पेड़ से टकराई पिकअप, अंदर बंधी मिली गाय