समाचार · मध्य प्रदेश
गांव के मुखिया श्रीगणेश का आशीर्वाद लेकर मनाया गुरु पूर्णिमा पावन पर्व
जामोनिया गणेश| गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम जामोनिया गणेश के सरपंच सुनील कुमार मीणा ने प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गांव के गुरुजनों का साल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने गांव के प्रथम देव मंदिर में दर्शन-पूजन कर जीवन के प्रथम गुरु के रूप में आशीर्वाद लेने से की। इसके बाद वरिष्ठ गुरुजन सिद्धनाथ शर्मा, जगदीश शर्मा, लक्ष्मीनारायण शर्मा, हरिओम दास वैष्णव, कैलाश नागर, राधेश्याम दास, नेमीचंद शर्मा सहित अन्य गुरुजनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर सरपंच सुनील कुमार मीणा ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देती है। जीवन की कठिन परिस्थितियों में गुरुजनों के बताए मार्ग ही सफलता की दिशा दिखाते हैं। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।