Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जेटेट अभ्यर्थियों के लिए रेलवे की सौगात... टाटा-देवघर के बीच आज चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल

INT News1 November 2026 at 01:30 pm

चक्रधरपुर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को देखते हुए अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटा-देवघर-टाटा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन संख्या 08119/08120 का परिचालन टाटानगर और देवघर के बीच किया जायेगा. रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक ट्रिप चलेगी.

ट्रेन संख्या 08119 टाटा-देवघर स्पेशल एक नवंबर (रविवार) को टाटानगर से शाम 6:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8 बजे देवघर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08120 देवघर-टाटा स्पेशल दो नवंबर (सोमवार) को सुबह 10:10 बजे देवघर से खुलेगी और मंगलवार रात 2:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी.

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

टाटा-देवघर स्पेशल ट्रेन का ठहराव कांड्रा, चांडिल, पुरुलिया, झालदा, बोकारो, आसनसोल, उखड़ा, सैंथिया, रामपुरहाट, बरहरवा, कहलगांव, साहिबगंज, भागलपुर, बटेश्वर स्थान, बरहिया और बांका समेत निर्धारित स्टेशनों पर होगा. ट्रेन में 16 आइसीएफ कोच होंगे. इसका प्राथमिक रखरखाव टाटानगर में किया जायेगा.

टाटा से देवघर जाने का समय

ट्रेन टाटानगर से शाम 6:30 बजे खुलेगी. कांड्रा में शाम 6:53 बजे, चांडिल में शाम 7:25 बजे, पुरुलिया में रात 8:10 बजे, झालदा में रात 8:58 बजे, बोकारो में रात 9:48 बजे और आसनसोल में रात 10:15 बजे पहुंचेगी. उखड़ा में रात 10:50 बजे, सैंथिया में रात 12:25 बजे, रामपुरहाट में रात 12:58 बजे, साहिबगंज में सुबह 3:55 बजे और भागलपुर में सुबह 3:50 बजे का समय निर्धारित है. इसके बाद ट्रेन बांका होते हुए सुबह 8 बजे देवघर पहुंचेगी.

देवघर से टाटा लौटने का समय

वापसी में ट्रेन देवघर से सुबह 10:10 बजे खुलेगी. बांका में सुबह 11:10 बजे, भागलपुर में दोपहर 1:30 बजे, साहिबगंज में दोपहर 3:08 बजे, रामपुरहाट में शाम 6:50 बजे, सैंथिया में शाम 7:23 बजे और उखड़ा में रात 9:10 बजे ठहराव होगा. आसनसोल में रात 10:45 बजे, बोकारो में रात 11:05 बजे, झालदा में रात 11:50 बजे और पुरुलिया में रात 12:35 बजे पहुंचेगी. इसके बाद चांडिल और कांड्रा होते हुए मंगलवार रात 2:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी.