entertainment
पत्थर, टमाटर के बाद अब खेसारी लाल यादव पर पड़ी चप्पल, गाना बीच में रोककर कहा- बहुत आगे जाओगे बेटा

Khesari Lal Yadav: बिहार के खुर्दा में चल रहे मेले में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव गाना गा रहे थे. चारों तरफ भारी भीड़ थी और लोग उनके गानों पर झूम रहे थे. तभी अचानक भीड़ में से किसी लड़के ने स्टेज की तरफ चप्पल फेंक दी. यह चप्पल सीधे स्टेज पर जाकर गिरी. गाना गाते-गाते खेसारी लाल एकदम से चौंक गए और उन्होंने तुरंत अपना गाना बीच में ही रोक दिया. माहौल ऐसा बन गया जैसे अब स्टेज पर भारी बवाल होने वाला है. लेकिन खेसारी लाल ने किसी पर चिल्लाने या डांटने के बजाय बेहद ठंडे दिमाग से काम लिया और बड़े ही प्यार भरे अंदाज में तंज कसते हुए सामने वाले को ऐसा सबक सिखाया कि उसकी बोलती बंद हो गई.
'बहुत अच्छा किया बेटा, आई लव यू'
View on Instagram
खेसारी लाल यादव ने माइक अपने हाथ में लिया और चप्पल फेंकने वाले लड़के को देखते हुए बड़े ही मजेदार अंदाज में कहा,
"बहुत अच्छा, क्या बात है बेटा. बाटा का चप्पल था क्या, बहुत प्यार है... आई लव यू. क्या लड़का है यार तू, बहुत आगे जाएगा. इतना आगे जाएगा कि वहां से नीचे जमीन भी नजर नहीं आएगी."
उन्होंने आगे समझाते हुए कहा कि जो लोग गलतियां करते हैं मैं उनकी भी इज्जत करता हूं, क्योंकि तुम्हारी इसी गलती से पूरी दुनिया सीखेगी कि क्या सही है और क्या गलत. इतना बोलने के बाद उन्होंने फिर से गाना शुरू कर दिया.
ये भी पढ़ें: शादीशुदा खेसारी पर दिल हारने का काजल राघवानी को नहीं है पछतावा, बोलीं- 'मेरे जैसी दोबारा नहीं मिलेगी'
पहले भी झेल चुके हैं पत्थर और टमाटर का हमला
वैसे खेसारी लाल यादव के साथ लाइव स्टेज पर ऐसी हरकत कोई पहली बार नहीं हुई है. इससे पहले भी बिहार और यूपी के कई शोज में जब भीड़ बेकाबू हुई, तो उनके ऊपर कभी पत्थर तो कभी आलू और टमाटर तक फेंके जा चुके हैं. भोजपुरी के इतने बड़े स्टार होने की वजह से उनके कार्यक्रमों में पैर रखने तक की जगह नहीं बचती और भीड़ में मौजूद कुछ खुराफाती लड़के अक्सर ऐसा बवाल खड़ा कर देते हैं.
मेले में मची थी गानों की धूम
इस महोत्सव में सिर्फ खेसारी लाल ही नहीं, बल्कि रितेश पांडे और गायिका शिवानी सिंह जैसे कई बड़े भोजपुरी कलाकार भी अपनी परफॉर्मेंस देने पहुंचे थे. पूरी रात लोग गानों पर नाचते-गाते रहे और गांव के इस मेले में खूब रौनक लगी रही.