समाचार · झारखंड
डायन बताकर 14 साल पहले महिला पर कुल्हाड़ी से किया था वार, HC ने उम्रकैद की सजा रखी बरकरार

रांची. डायन के नाम पर महिला की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में झारखंड हाइकोर्ट ने सजायाफ्ता फागू महली उर्फ पागू को राहत देने से इनकार कर दिया है. अदालत ने उसकी अपील याचिका खारिज करते हुए निचली अदालत से मिली आजीवन कारावास की सजा बरकरार रखी.
फागू महली ने अपील याचिका दायर कर निचली अदालत के सजा सुनाने के आदेश को चुनौती दी थी. मामले में घाटशिला के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने 20 अगस्त 2016 को उसे आजीवन सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनायी थी.
डायन कहकर कुल्हाड़ी से किया था हमला
अभियोजन पक्ष के अनुसार, घटना 11 जून 2014 की सुबह पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के सत्यबकरा टोला (लोकापानी) की है. इससे एक रात पहले 10/11 जून की रात फागू महली के परिवार में झगड़ा हुआ था. इस दौरान वह लिपि महली को मारने के लिए दौड़ा था. लिपि महली ने सूचक मकरो सरदार के घर में शरण ली थी, जहां खोरी सरदार ने उसे बचाया था.
अगली सुबह खोरी सरदार अपनी बहू झरना सरदार के साथ पानी लेकर लौट रही थी. इसी दौरान फागू महली वहां पहुंचा और खोरी सरदार को डायन कहते हुए उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया. हमले में खोरी सरदार की मौके पर ही मौत हो गयी.
शोर सुनकर ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने आरोपी को पकड़कर बांध दिया था. इस मामले में निचली अदालत ने फागू महली को दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनायी थी. हाइकोर्ट ने अब उसकी अपील खारिज कर सजा को बरकरार रखा है.