समाचार · मध्य प्रदेश
भारत विकास परिषद ने किया "पूर्ण वंदे मातरम् गायन स्पर्धा’ का आयोजन
भास्कर संवाददाता| आगर मालवा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से राष्ट्रगीत "वन्दे मातरम्" की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद द्वारा मध्य भारत प्रांत स्तर पर "पूर्ण वन्दे मातरम् गायन प्रतियोगिता" प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शाखा आगर मालवा में प्रतियोगिता आयोजित कर राष्ट्रगीत के प्रति जन-जागरण एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त बनाने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता में डॉ. अपर्णा सक्सेना, उमा शर्मा, डॉ. निवेदिता शर्मा, टीना गगरानी, कीर्ति मुंदड़ा एवं तनुश्री गिलड़ा ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पूर्ण वन्दे मातरम् का सस्वर, भावपूर्ण एवं ओजस्वी गायन प्रस्तुत किया। सभी प्रतिभागियों के गायन की वीडियो रिकॉर्डिंग मध्य भारत प्रांत स्तर पर निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन हेतु प्रेषित की जाएगी। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. विवेक मालानी, सचिव डॉ चंचल शर्मा, प्रान्तीय सदस्य राजेन्द्र शर्मा, मीडिया प्रभारी श्री कांत गिलड़ा, सक्रिय सदस्य डॉ. सुनीता मालानी एवं डॉ. शशांक सक्सेना उपस्थित रहे। अंत मे उपस्थित सदस्यों द्वारा सभी प्रतिभागियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए "भारत माता की जय" एवं "वन्दे मातरम्" के जयघोष के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।