Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · राजस्थान

Viral Video: जयपुर में कैफे मालिक पर लाठी-डंडों से हमला, सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

INT News8 November 2026 at 09:58 pm

जानकारी के मुताबिक, कैफे बंद कर घर लौट रहे मालिक को बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में इतनी गंभीर चोट आई कि सर्जरी तक करानी पड़ी. घटना का वीडियो रविवार को सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मामला जयपुर के वैशाली नगर इलाके का है. पुलिस ने पीड़ित के परिवार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस को शक है कि हमले के पीछे कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के दोस्त का हाथ हो सकता है.

कर्मचारी की दोस्त के बार-बार कैफे आने पर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, 34 वर्षीय मयंक गोपालिया वैशाली नगर के रहने वाले हैं. वह वैशाली मार्ग पर 'ओवन द बेकरी कैफे' चलाते हैं. कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी का दोस्त अक्सर वहां आता था. मयंक को उसका बार-बार कैफे आना पसंद नहीं था.

5 नवंबर की दोपहर को इसी बात को लेकर मयंक और महिला कर्मचारी के बीच कहासुनी हुई थी. आरोप है कि महिला का दोस्त इस बात से नाराज हो गया और उसने मयंक को जान से मारने की धमकी दी थी.

घर लौटते समय रास्ते में घेरकर पीटा

घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है. मयंक कैफे बंद करके घर लौट रहे थे. इसी दौरान गली के एक मोड़ पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया.

हमलावरों ने मयंक के सिर पर डंडों से कई वार किए. चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े, लेकिन बदमाश इसके बाद भी उन्हें पीटते रहे. हमलावरों को जब लगा कि मयंक की मौत हो गई है, तो वे अपने साथियों के साथ बाइक और स्कूटर पर सवार होकर फरार हो गए.

सिर में गंभीर चोट, करानी पड़ी सर्जरी

घटना के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने मयंक को खून से लथपथ हालत में देखा और उन्हें अस्पताल पहुंचाया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी सर्जरी करनी पड़ी.

सूचना मिलने के बाद वैशाली नगर पुलिस अस्पताल पहुंची. मयंक की हालत ऐसी थी कि वह शनिवार रात तक अपना बयान दर्ज कराने की स्थिति में नहीं थे. इसके बाद रविवार दोपहर उनके परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वैशाली नगर थाने के एसएचओ अरविंद सिंह शेखावत के मुताबिक, पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है. शुरुआती जांच में महिला कर्मचारी के दोस्त की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं.