समाचार · हरियाणा
जींद मेडिकल कॉलेज की लागत ₹1000 करोड़ पार:ओपीडी शुरू, MBBS क्लासेज पर सस्पेंस बरकार, अंतिम चरण में पहुंचा निर्माण
जींद में मेडिकल कॉलेज की घोषणा हुए करीब 12 साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक लोगों को इसकी पूरी सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। दिसंबर 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसकी घोषणा की थी। 2019 में निर्माण कार्य शुरू हुआ और 2023 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया, लेकिन कोरोना काल और तकनीकी अड़चनों के चलते प्रोजेक्ट लगातार पिछड़ता गया। इस दौरान निर्माण लागत 565 करोड़ से बढ़कर एक हजार करोड़ रुपए के पार पहुंच गई। अब निर्माण अंतिम चरण में है और 2027 में मेडिकल कॉलेज की सुविधाएं शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। डेपुटेशन पर डॉक्टर और स्टाफ की नियुक्ति कर ओपीडी तो शुरू हो चुकी है। MBBS की 50 सीट अलाॅट होने के बावजूद क्लासें कब से शुरू होंगी, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। निर्माण एजेंसी की माने तो भवन निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अब केवल फिनिसिंग करना बाकी है। हालांकि मेडिकल कॉलेज और निर्माण एजेंसी से जुड़े अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। अलग- अलग होंगे ब्लॉक मेडिकल कॉलेज में अलग-अलग भवन बनाए जा रहे हैं। क्लासेज, एमरजेंसी और क्रेटिकल केयर ब्लॉक एक ही भवन में रहेंगी। ओपीडी के लिए अलग भवन रहेगा। फिलहाल, ओपीडी इसी भवन में चल रही हैं। कॉलेज भवन के साथ लगता एडमिस्ट्रेशन ब्लॉक रहेगा। पीछे के हिस्से में तीन रजिडेंशनल भवन बनाए गए हैं। विभिन्न प्रकार की जांच के लिए भी अलग व्यवस्था रहेगी। जानिए कब क्या हुआ जींद में 2014 में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा हुई। 2019 में एलएनटी ने अधिकारिक रूप से निर्माण कार्य शुरू किया। 2023 के अंत तक निर्माण कार्य पूरा किया जाना था। कोरोना काल व अन्य बाधाओं के चलते 2026 में भी निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद नहीं है। अवधि के साथ निर्माण कार्य की लागत भी बढ़ती गई। करीब 575 करोड़ की अनुमानित लागत के साथ शुरू हुए प्रोजेक्ट की लागत अब एक हजार करोड़ से अधिक पहुंच चुकी है।
अपना स्टाफ भी नहीं सरकार ने कॉलेज में ओपीडी शुरू करने के लिए डॉक्टर व स्टाफ की नियुक्ति डेपुटेशन पर की हुई है। अक्टूबर में डेपुटेशन की अवधि पूरी हो चुकी थी, जिसे डिप्टी स्पीकर के हस्तक्षेप करने पर कुछ समय के लिए एक बार फिर आगे बढ़ाया गया है। ऐसे में देखना होगा कि टेंपेरी व्यवस्था कब तक चलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक कॉलेज के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा: डिप्टी स्पीकर डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि पहले कोरोना और बाद में तकनीकी कारणों के चलते निर्माण कार्य बाधित रहा। जिससे निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि, अब सबकुछ सही चल रहा है और निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 2027 में लोगों को सुचारू रूप से मेडिकल कॉलेज की सुविधा मिलनी शुरू जाएंगी। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है।