Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

नारनौल में आयुर्वेदिक कॉलेज के विस्तार को 134 करोड़ मंजूर:BAMS की 100 सीटों पर दाखिले, 500 स्टूडेंट्स के बनेंगे हॉस्टल; ड्राइंग तैयार

INT News9 November 2026 at 05:30 am

हरियाणा में नारनौल के पास गांव पटीकरा स्थित बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने करीब 134 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया है। कॉलेज परिसर में छात्राओं और छात्रों के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए जाएंगे। परियोजना के तहत बड़े बहुउद्देशीय हॉल, स्टाफ क्वार्टर, आधुनिक लैब, लेक्चर हॉल और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित हॉस्टलों में करीब 500 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था होगी। निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) को दी गई है। विभाग की ओर से फिलहाल निर्माण कार्य की ड्राइंग तैयार की जा रही है। इसके बाद टेंडर जारी किए जाएंगे। परियोजना पूरी होने से विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर में ही रहने और पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी। 500 विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनेंगे कॉलेज के प्राचार्य एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रीनिवास गुज्जरवार ने बताया कि प्रस्तावित निर्माण के तहत करीब 500 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था की जाएगी। छात्राओं और छात्रों के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए आवासीय क्वार्टर भी बनाए जाएंगे। विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रैक्टिकल की जरूरतों को देखते हुए आधुनिक लैब, बड़े हॉल, लेक्चर हॉल और अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा। सरकार ने परियोजना के लिए बजट मंजूर कर दिया है। फिलहाल PWD ड्राइंग तैयार कर रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण के टेंडर जारी किए जाएंगे। 2011 में हुआ था शिलान्यास, 2017 में संचालन शुरू बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया था। कॉलेज भवन का निर्माण वर्ष 2017 में पूरा हुआ। इसके बाद 13 नवंबर 2017 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसका उद्घाटन किया था। हालांकि, यहां BAMS की पढ़ाई शुरू होने के लिए विद्यार्थियों को करीब 5 साल इंतजार करना पड़ा। वर्ष 2022 में पहली बार BAMS की कक्षाओं के लिए दाखिले शुरू हुए थे। BAMS की सीटें घटकर 30 रह गई थीं, अब 100 पर दाखिले कॉलेज में बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) की पढ़ाई करवाई जाती है। शुरुआत में 100 सीटों पर दाखिले हुए थे। बाद में सीटों की संख्या घटकर 70 और फिर 30 रह गई थी। वर्ष 2025-26 के शैक्षणिक सत्र के लिए नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (NCISM) ने 63 सीटों की अनुमति दी थी। वहीं, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 100 सीटों पर दाखिले हो रहे हैं। परिसर में रहने और पढ़ाई करने की मिलेगी सुविधा हॉस्टल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर में ही रहने और पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी। आधुनिक लैब और शैक्षणिक संसाधन विकसित होने से आयुर्वेदिक शिक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार का रास्ता भी खुलेगा।