Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सिरसा में शहीद के गांव का घग्गर रोड अधूरा:मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद नहीं बनी सड़क, ग्रामीण बोले-अब उम्मीद खत्म, हादसों का भी डर

INT News9 November 2026 at 05:30 am

सिरसा जिले के कुत्ताबढ़ निवासी शहीद सुखचैन सिंह के गांव में घग्गर नदी के पुल का रोड अभी तक नहीं बना है, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं इस रोड को बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए थे। बीजेपी जिलाध्यक्ष ने भी इस खस्ता हालत रोड का निरीक्षण किया था। मार्ग के नहीं बनने से शहीद का परिवार ही नहीं, ग्रामीणों में भी रोष का माहौल है। अब तो उम्मीद ही खत्म हो गई है कि यह रोड बनेगा भी या नहीं, क्योंकि मुख्यमंत्री के आदेशों का भी पालन नहीं हुआ। बता दें कि, घग्गर पुल से कुत्ताबढ़ ही नहीं आसपास गांव के लोग भी गुजरते हैं और करीब एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक परेशानी उठानी पड़ती है। घग्गर पर पुल तो बना दिया गया, परंतु रोड नहीं बना। एप की टीम ने इस रोड की ग्राउंड रियलटी जानी। राजस्थान और ऐलनाबाद-रानियां को जोड़ने वाला रास्ता सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों ने बताया कि ऐलनाबाद और रानियां और राजस्थान को जोड़ने को वाला यह इकलौता रास्ता है। यहीं से लोग आवागमन करते हैं। यह सिंगल रोड है और कच्चा व उबड़-खाबड़ है। अंधेरे में पता ही नहीं चलता, हादसे का डर रहता है। सिरसा दौरे के दौरान शहीद के परिवार से मिले थे सीएम सिरसा में ग्रीवेंस मीटिंग दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शहीद के परिवार से मिलने गए थे। परिवार और ग्रामीणों ने सीएम के समक्ष कुछ मांगें रखी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताते हुए जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया था। इनके अलावा सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा, विधायक भरत सिंह बेनीवाल और अन्य पार्टी नेताओं ने परिवार से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। ग्रामीणों-युवाओं ने निकाली थी तिरंगा यात्रा हालांकि, परिवार व रिश्तेदारों ने शहीद सुखचैन सिंह का पार्थिव शरीर सेना द्वारा गांव में लाए जाने पर सैन्य मदद के अलावा सरकार एवं प्रशासन से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी एवं एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की थी। ग्रामीणों-परिजनों ने कुछ देर के लिए अंतिम यात्रा रोक दी थी। जिस पर सेना के अधिकारियों ने उनको समझाया और यात्रा शुरू करवाई थी। उनकी शहादत पर ग्रामीणों व युवाओं ने बाइक व गाड़ियों पर तिरंगा यात्रा भी निकाली थी। सभी ने परिवार को शोक जताया था और हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। जानिए मामले में किसने क्या कहा कुत्ताबढ़ के सरपंच बेअंत सिंह ने बताया, पंचायत ने साल 2024 को भी मुख्यमंत्री के नाम लेटर सौंपा था, जिस पर ग्रामवासियों के हस्ताक्षर भी करवाए थे। इसके बाद जब मुख्यमंत्री मस्तानगढ आए थे तो उस समय भी उनको मांग पत्र दिया था, जिस पर 15 से 20 स्कूल प्रबंधकों के भी साइन है। इस घग्गर पुल पर हादसे भी हो चुके हैं और सरकार द्वारा इसे जल्द से जल्द पक्का किया जाए, ताकि दोबारा कोई हादसे न हो। एक साल पहले ये पुल बनाया गया था, जिसके बाद से इसका काम बंद है। शहीद के बारे में जानिए… 5 साल का बेटा और राजौरी में थी पोस्टिंग परिजनों के अनुसार, सुखचैन सिंह 27 सितंबर 2015 को सेना में भर्ती हुए थे। उनकी ड्यूटी 59 इंजीनियरिंग रेजीमेंट राजौरी, कश्मीर में चल रही थी। 3 सितंबर 2026 की सुबह 11 बजे जम्मू- कश्मीर के राजौरी में ड्यूटी के दौरान देश के लिए शहीद हो गए थे। सुखचैन सिंह के परिवार में उनकी मां, पत्नी निर्मल कौर और 5 साल का बेटा है और छोटा भाई व उसकी पत्नी शामिल है। पिता बलविंद्र सिंह का पहले ही देहांत हो चुका है। पूरा परिवार का जिम्मा खुद के कंधे पर था सूखचैन सिंह का परिवार आर्थिक तौर पर कमजोर है और वे अपनी मेहनत से पढाई कर सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता मूलरूप से रानियां में रहते थे, पर पिता की मौत के बाद नैनिहाल कुत्ताबढ़ में आकर रहने लगे। उन्हीं पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उनकी माता का नाम अमर कौर है। सुखचैन सिंह ने अपने छोटे भाई-बहन की करीब 6 माह पहले ही शादी की थी। इसके बाद ड्यूटी गए थे और बेटे के जन्मदिन पर आने की तैयारी थी।