समाचार · हरियाणा
जिंदल फैमिली के ड्रीम प्रोजेक्ट पर 6 साल से ब्रेक:60 करोड़ का दान भी मिला; फिर भी हिसार का कैंसर अस्पताल अटका
हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में 50 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित कैंसर अस्पताल का प्रोजेक्ट करीब 6 साल से सरकारी मंजूरी के इंतजार में अटका है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में घोषणा होने और 6 मार्च 2022 को आधारशिला रखे जाने के बावजूद निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। प्रोजेक्ट के लिए टाटा मेमोरियल सेंटर का तकनीकी सहयोग प्रस्तावित था। करीब 120 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस अस्पताल के लिए मुंबई के दानी अग्रवाल ने 60 करोड़ रुपए देने की सहमति भी दी थी। इसके बावजूद हरियाणा सरकार की ओर से जरूरी एनओसी और मैचिंग ग्रांट के एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। पूर्व सांसद एवं अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के सलाहकार डॉ. डीपी वत्स के अनुसार, सरकार की ओर से मैचिंग ग्रांट का एग्रीमेंट साइन नहीं किया गया है। इसके लिए पहले सरकार के आदेश जरूरी हैं। एग्रीमेंट होने के बाद केंद्रीय वित्त मंत्रालय की मंजूरी की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अग्रोहा में कैंसर अस्पताल की घोषणा की थी, लेकिन उसके बाद प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका। जिंदल परिवार की ओर से भी इस मुद्दे को मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली है। 50 एकड़ में 50 बेड का अस्पताल बनाने की थी योजना अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में कैंसर अस्पताल के लिए करीब 50 एकड़ जमीन निर्धारित करने की योजना थी। शुरुआती प्रस्ताव के अनुसार, करीब 60 हजार गज क्षेत्र में 50 बेड का अस्पताल बनाया जाना था। इस पर लगभग 120 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान था। इसमें से 60 करोड़ रुपए मुंबई के दानी अग्रवाल देने के लिए तैयार थे। टाटा मेमोरियल सेंटर के तकनीकी सहयोग से इसे आधुनिक कैंसर उपचार केंद्र के रूप में विकसित किया जाना था। अस्पताल बनने से हरियाणा के अलावा पंजाब और राजस्थान के मरीजों को भी बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकती थी। रोजाना 3 हजार मरीजों की ओपीडी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रोजाना करीब 3 हजार मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। इनमें कैंसर के मरीज भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। फिलहाल मरीजों को बेहतर कैंसर इलाज के लिए दूसरे संस्थानों का रुख करना पड़ता है। अग्रोहा में यह अस्पताल बनने से हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, जींद सहित आसपास के जिलों के मरीजों को राहत मिल सकती थी। इसके अलावा पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को भी इसका लाभ मिलता। हरियाणा में एम्स बाढ़ड़ा, रोहतक और अंबाला में कैंसर उपचार की सुविधाएं हरियाणा में फिलहाल कैंसर इलाज के लिए एम्स बाढ़ड़ा, पीजीआई रोहतक और अंबाला सहित विभिन्न संस्थानों में सुविधाएं उपलब्ध हैं। अग्रोहा में प्रस्तावित अस्पताल इन सुविधाओं का विस्तार कर सकता था। खासकर पश्चिमी हरियाणा और राजस्थान-पंजाब की सीमा से लगते क्षेत्रों के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद थी।