Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रेवाड़ी में इलेक्ट्रिक बसों में छात्र पास की सुविधा अटकी:सीएम सैनी कर चुके घोषणा, 6 माह बाद भी नहीं जारी हुआ आदेश

INT News9 November 2026 at 05:31 am

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के छह माह बाद और संबंधित एजेंसी की ओर से लिखित पत्र जारी होने के बावजूद रेवाड़ी में इलेक्ट्रिक बसों से सफर करने वाले विद्यार्थियों को छात्र पास पर यात्रा की सुविधा नहीं मिल रही है। जिले में चल रही पांच इलेक्ट्रिक बसों में रोजाना सफर करने वाले विद्यार्थियों को अभी भी किराया देना पड़ रहा है, जबकि पानीपत और कुरुक्षेत्र डिपो में छात्र पास पर यात्रा की व्यवस्था शुरू हो चुकी है। रेवाड़ी में सुविधा लागू न होने के कारण विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, कंडक्टरों और विद्यार्थियों के बीच किराए को लेकर आए दिन कहासुनी भी होती है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से लिखित आदेश मिलने के बाद ही इस सुविधा को लागू किया जा सकेगा। बता दें कि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 28 मई 2026 को पानीपत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इलेक्ट्रिक बसों में भी विद्यार्थियों को हरियाणा रोडवेज के छात्र पास पर मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की थी। इसी दिन हरियाणा सिटी बस सर्विसेज लिमिटेड (एचसीबीएसएल) के निदेशक मंडल की मंजूरी के बाद इस संबंध में निर्णय लिया गया था। इसके बाद एचसीबीएसएल की ओर से पानीपत, यमुनानगर, अंबाला, सोनीपत, हिसार, रेवाड़ी, करनाल, पंचकूला, रोहतक और कुरुक्षेत्र के हरियाणा रोडवेज-कम-एचसीबीएसएल महाप्रबंधकों को पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद रेवाड़ी में अब तक व्यवस्था लागू नहीं हो पाई है। पांच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन, 50 गांवों के विद्यार्थियों को इंतजार रेवाड़ी डिपो की ओर से पांच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों को बावल रूट पर चलाया जा रहा है, जिससे बावल क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लोगों को परिवहन सुविधा मिल रही है। इनमें स्कूल और कॉलेज जाने वाले बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी रोजाना सफर करते हैं। छात्र पास पर यात्रा की सुविधा शुरू होने से इन विद्यार्थियों को रोजाना आने-जाने के किराये से राहत मिल सकती है। अभी विद्यार्थियों को अपनी यात्रा के लिए 10 से 20 रुपए तक रोजाना खर्च करने पड़ रहे हैं। नियमित रूप से स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह खर्च महीनेभर में अच्छी-खासी रकम बन जाता है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर इसका अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। देना पड़ता है किराया, कंडक्टरों से होती है कहासुनी विद्यार्थियों का कहना है कि उनके पास हरियाणा रोडवेज का वैध छात्र पास है, लेकिन इलेक्ट्रिक बसों में इसे मान्य नहीं किया जा रहा। बस में पास दिखाने पर परिचालक किराए की मांग करते हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि जब पानीपत और कुरुक्षेत्र में इसी व्यवस्था के तहत यात्रा की अनुमति दी जा रही है तो रेवाड़ी में भी इसे लागू किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें बेवजह किराया न देना पड़े। वहीं, कंडक्टरों का तर्क है कि उन्हें छात्र पास पर मुफ्त यात्रा करवाने के संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं मिला है। ऐसे में किराया देने को लेकर कई बार विद्यार्थियों और परिचालकों के बीच कहासुनी हो जाती है। रोजाना किराए को लेकर हो रही कहासुनी: प्रवीन बालधन हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान प्रवीन बालधन ने कहा कि पानीपत और कुरुक्षेत्र डिपो की इलेक्ट्रिक बसों में छात्र पास पर यात्रा की सुविधा लागू है। रेवाड़ी में यह व्यवस्था शुरू नहीं होने से आए दिन विद्यार्थियों और परिचालकों के बीच किराए को लेकर कहासुनी होती है। उनका कहना है कि जब इस संबंध में मुख्यालय स्तर पर निर्णय हो चुका है और संबंधित डिपो को पत्र भी भेजा गया है तो रेवाड़ी में भी जल्द सुविधा शुरू होनी चाहिए। लिखित आदेश मिलने पर शुरू होगी सुविधा: जीएम रेवाड़ी रोडवेज डिपो के जीएम निरंजन कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में छात्र पास पर यात्रा की सुविधा शुरू करने के संबंध में अभी तक उन्हें लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। बिना आधिकारिक आदेश के विद्यार्थियों को पास पर यात्रा की अनुमति नहीं दी जा सकती। जैसे ही लिखित आदेश मिलेंगे, रेवाड़ी डिपो में भी यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी।