Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सिरसा में दूध के रेट बढ़ाने पर आंदोलन की तैयारी:11 नवंबर को वीटा प्लांट पर जुटेंगे पशुपालक, ₹10 बढ़ाने का फैसला नाकाफी

INT News9 November 2026 at 05:30 am

सिरसा में दूध के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर किसान, पशुपालक, दूधिए और डेयरी संचालक एक बार फिर एकजुट होंगे। इसके लिए 11 नवंबर को वीटा प्लांट सिरसा में बैठक बुलाई गई है। इसमें दूध के दाम बढ़ाने को लेकर चर्चा होगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी। इससे पहले यह बैठक 2 नवंबर को होनी थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। अब 11 नवंबर की तारीख तय की गई है। किसान नेताओं का कहना है कि अभी तक सरकार और प्रशासन की ओर से दूध के रेट बढ़ाने को लेकर कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली है और न ही बातचीत के लिए बुलाया गया है। किसान नेता जसवीर भाटी और हंसराज पाचार के अनुसार, बैठक में किसान, पशुपालक, दूधिए और डेयरी संचालकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यदि सरकार और प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिला तो वीटा प्लांट पर धरना भी दिया जा सकता है। गाय का 80 और भैंस का दूध 100 रुपए प्रति किलो करने की मांग किसान और पशुपालक गाय के दूध का रेट 80 रुपए और भैंस के दूध का रेट 100 रुपए प्रति किलो करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि राजस्थान में भी दूध के दाम 10-10 रुपए प्रति किलो बढ़ाए गए हैं। हरियाणा में भी दूध के फैट के हिसाब से रेट बढ़ाए जाने चाहिए, ताकि पशुपालकों को इसका लाभ मिल सके। पशुपालकों ने सरकार और मिल्क प्लांट अधिकारियों से भैंस के दूध का फैट रेट 13 रुपए और गाय के दूध का फैट रेट 16 रुपए करने की मांग की है। वहीं, सरकार और वीटा प्लांट अधिकारियों का दावा है कि पहले ही फैट के रेट बढ़ाए जा चुके हैं। हालांकि, पशुपालकों का कहना है कि बढ़ोतरी का लाभ उन्हें नहीं मिला। तूड़ी और खल-बिनौला के भाव तीन गुना तक बढ़े किसान और पशुपालकों के अनुसार, पिछले 5-6 साल में पशु चारे की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। तूड़ी के भाव पहले 400 रुपए प्रति क्विंटल थे, जो अब बढ़कर 900 से 1100 रुपए तक पहुंच गए हैं। इसी तरह खल-बिनौला का एक बैग पहले 1200 से 1500 रुपए में मिलता था, जबकि अब इसकी कीमत 2400 से 2700 रुपए तक हो गई है। बिनौला के भाव भी बढ़कर 3000 रुपए तक पहुंच गए हैं। पशुपालकों का कहना है कि चारे की लागत लगातार बढ़ रही है, इसलिए दूध के रेट बढ़ाना जरूरी है। 1 से 3 अक्टूबर तक चला था दूध बंद आंदोलन दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसान और पशुपालकों ने 1 से 3 अक्टूबर तक तीन दिन ‘दूध बंद’ आंदोलन किया था। इस दौरान पशुपालकों से दूध नहीं बेचने की अपील की गई थी। वीटा प्लांट अधिकारियों और प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद धरना समाप्त किया गया था। आंदोलन के दौरान दूधियों, किसानों और युवाओं के बीच विवाद भी हुआ था। कंगनपुर रोड पर दूध के ड्रमों से दूध खुले में बहा दिया गया था। दूधियों ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि रेट बढ़ाने की मांग सही है, लेकिन विरोध का यह तरीका गलत है। 10 रुपए बढ़ाने का फैसला हुआ था आंदोलन के बाद इस मामले में एक कमेटी बनाई गई थी। इसके बाद मौजूदा रेट में 10 रुपए की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया था। हालांकि, किसान और पशुपालक इससे संतुष्ट नहीं हैं और सरकार से दूध के दाम और बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अब 11 नवंबर को वीटा प्लांट में होने वाली बैठक में अगला फैसला लिया जाएगा। यह खबर भी पढ़ें… हरियाणा में दूध बंद का पहला दिन:सिरसा वीटा प्लांट पर प्रदर्शन, सप्लाई वाहन रोका; 30 हजार लीटर दूध चिलिंग सेंटरों में फंसा हरियाणा में दूध के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर तीन दिन (1 से 3 अक्टूबर तक) ‘दूध बंद’ की कॉल का सिरसा एरिया में ही असर दिखा। प्रदेश में वीटा के 6 प्लांट हैं। अंबाला, कुरुक्षेत्र, जींद, फरीदाबाद और रोहतक में अभी कॉल का खास असर नजर नहीं आया। पढ़िएं पूरी खबर:::