Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम की सड़कों पर दौड़ने लगी हाईटेक ई-बसें:55 बसें पहुंचीं, 40 का ट्रायल रन शुरू; पैनिक बटन, दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट लगी

INT News9 November 2026 at 05:30 am

गुरुग्राम में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त, आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर सिटी बस ने अपने मेगा-प्रोजेक्ट सड़कों पर उतार दिया है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम-ईबस सेवा योजना' के तहत गुरुग्राम सिटी बस के बेड़े में 100 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इस योजना के पहले चरण के तहत 55 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित बस डिपो में पहुंच चुकी हैं। इनमें से 40 बसों का शहर के अलग-अलग व्यस्त और मुख्य मार्गों पर रूट ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है। खास बात ये है कि यह नई ई-बस सेवा न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि तकनीक और सुरक्षा के मामले में भी बेहद एडवांस है। बसों में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। बैटरी परफॉर्मेंस की जांच ट्रायल रन के दौरान बसों के बैटरी बैकअप, ट्रैफिक लोड में परफॉर्मेंस, चार्जिंग समय और सड़कों की स्थिति के अनुसार उनके संतुलन को बारीकी से परखा जा रहा है। बाकी बची 15 बसों के रजिस्ट्रेशन और अन्य कानूनी औपचारिकताएं जिला परिवहन विभाग के साथ मिलकर पूरी की जा रही हैं। कागजी कार्रवाई पूरी होते ही इन्हें भी ट्रायल और फिर नियमित सेवा में शामिल कर लिया जाएगा। 25 से अधिक रूट फाइनल GMCBL ने इन 100 ई-बसों के सुचारू संचालन के लिए शहर और आसपास के इलाकों में 25 से अधिक प्रमुख रूटों को अंतिम रूप दे दिया है। योजना के अनुसार, इन बसों को केवल शहर के आंतरिक मार्गों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि एनसीआर के कनेक्टिविटी रूटों पर भी प्रमुखता से चलाया जाएगा। दिल्ली, मानेसर और बल्लभगढ़ के लिए भी चलेंगी इन बसों को भोंडसी, पटौदी रोड और तेजी से विकसित हो रहे द्वारका एक्सप्रेसवे के इलाकों में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए गुरुग्राम से दिल्ली, बहादुरगढ़, मानेसर से द्वारका मेट्रो स्टेशन और बल्लभगढ़ जैसे रीजनल रूटों पर भी इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और फीडबैक के आधार पर इन रूटों में बदलाव या फेरबदल भी किया जा सकता है। सेफ सफर के लिए एडवांस सुरक्षा फीचर… एसओएस पैनिक बटन: बस की हर सीट के पास एक पैनिक बटन दिया गया है। सफर के दौरान किसी भी आपात स्थिति, छेड़खानी या चिकित्सीय जरूरत के समय यदि कोई यात्री इस बटन को दबाता है, तो सीधे GMCBL के मुख्य कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में अलार्म बज जाएगा और बस की लाइव लोकेशन ट्रैक कर तुरंत मदद भेजी जाएगी। हेड काउंट एआई कैमरे: बसों के एंट्री और एग्जिट गेट पर विशेष आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित हेड काउंट कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे बस में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों की सटीक गिनती रखेंगे, जिससे टिकट बुकिंग व्यवस्था पारदर्शी होगी और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर लगाम कसी जा सकेगी। दिव्यांगों के लिए ऑटोमैटिक लिफ्ट: इनमें दिव्यांगों और व्हीलचेयर का उपयोग करने वाले यात्रियों के लिए विशेष ऑटोमैटिक एलिवेटेड लिफ्ट लगाई गई है, जिससे वे बिना किसी बाहरी मदद के आसानी से बस में सवार हो सकेंगे। 1 घंटे में चार्ज होंगी बसें, सेक्टर-48 में बना नया डिपो

ये बसें फुल चार्ज होने पर लगभग 150 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती हैं। इसके लिए शहर में चार्जिंग का मजबूत ढांचा तैयार किया गया है। सेक्टर-10 बस डिपो में 18 हाई-पावर चार्जिंग पॉइंट्स स्थापित किए गए हैं, जहां एक साथ 36 बसों को चार्ज किया जा सकता है। फास्ट चार्जिंग मोड में यह बसें मात्र एक घंटे में और सामान्य मोड में 2 घंटे में पूरी तरह चार्ज हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त, बढ़ते बेड़े को संभालने के लिए सेक्टर-48 में भी एक और अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। सीएम सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर दिखाएंगे झंडी

गुरुगमन डिपो मैनेजर नरेश कुमार का कहना है कि बसों का टेक्निकल और रूट ट्रायल चल रहा है। इस नई और आधुनिक सेवा का औपचारिक उद्घाटन जल्द ही सीएम नायब सिंह सैनी और केंद्रीय ऊर्जा, शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। उद्घाटन के तुरंत बाद सभी 100 बसें चरणबद्ध तरीके से नियमित रूप से आम जनता के लिए सड़कों पर दौड़ने लगेंगी, जिससे लोगों को बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन मिल सकेगा।