समाचार · हरियाणा
करनाल में बन रहा 34.5 किमी. लंबा छह लेन मार्ग:90% काम पूरा, 23 गांवों को मिलेगी कनेक्टिविटी, जनवरी तक शुरू होने की उम्मीद
करनाल शहर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने और आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर करने वाला ग्रीन फील्ड रिंग रोड अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। नेशनल हाईवे-44 से जुड़ने वाले इस प्रोजेक्ट का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब कुटेल रोड पर हल्के वाहनों के लिए अंडरपास बनाने और बीबीएमबी की हाईटेंशन बिजली लाइन शिफ्ट करने का काम बाकी है। अधिकारियों का दावा है कि ये दोनों काम पूरे होते ही जनवरी तक रिंग रोड तैयार हो जाएगा। करीब 1800 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा 34.5 किलोमीटर लंबा यह छह लेन मार्ग करनाल जिले के 23 गांवों को आपस में जोड़ेगा। इसके शुरू होने से दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे एनएच-44 के साथ शहर की आंतरिक सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। खास बात यह है कि इस परियोजना का बड़ा हिस्सा घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजर रहा है। कुटेल रोड पर अंडरपास और बिजली लाइन शिफ्टिंग बाकी एनएचएआई के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी भानू ने बताया कि रिंग रोड का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कुटेल रोड पर एक एलवीयूपी (लाइट व्हीकुलर अंडरपास) बनाया जाना बाकी है। यह हल्के वाहनों के आने-जाने के लिए भूमिगत रास्ता होगा। इस पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा बीबीएमबी की हाईटेंशन बिजली लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना है। बिजली लाइन शिफ्ट करने का काम भी प्रगति पर है। इन दोनों कामों के पूरा होने के बाद रिंग रोड का निर्माण पूरा हो जाएगा। विभाग की ओर से जनवरी तक परियोजना तैयार करने का दावा किया गया है। शामगढ़ से शुरू होकर कुटेल तक पहुंचेगा मुख्य मार्ग यह छह लेन का ग्रीनफील्ड रिंग रोड करीब 34.5 किलोमीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। इसका मुख्य हिस्सा करनाल के पश्चिम में शामगढ़ गांव के पास विवान होटल के आसपास से शुरू होगा। यहां से दरड़, नेवल, शेखपुरा और गंजोगढ़ी होते हुए मार्ग कुटेल गांव के पास प्रस्तावित टोल प्लाजा तक पहुंचेगा। इसकी दूसरी अलाइनमेंट नेशनल हाईवे से गुजरने वाली पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर बनी सड़क से जुड़ेगी। यह मार्ग कैथल रोड को क्रॉस करते हुए बड़ौता गांव तक जाएगा। इसके बाद खरकाली और झिमरहेड़ी से होते हुए एनएच-44 को पार कर मुख्य रिंग रोड से जुड़ जाएगा। इस तरह रिंग रोड मेरठ रोड, कुंजपुरा रोड और इंद्री रोड को भी आपस में जोड़ने का काम करेगा। इससे जिले के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवाजाही आसान होगी। 23 गांवों की जमीन से तैयार हो रहा रिंग रोड इस परियोजना में जिले के तीन क्षेत्रों के कुल 23 गांव शामिल हैं। नीलोखेड़ी खंड के शामगढ़, दादूपर, झंझाड़ी, कुराली, दरड़, सलारू, टपराना, दनियालपुर और नेवल गांव इस परियोजना से जुड़ेंगे। करनाल क्षेत्र के कुंजपुरा, सुभरी, छपराखेड़ा, सुहाना, शेखपुरा, रांवर, गंजोगढ़ी, बड़ौता, कुटेल और ऊंचा समाना गांव भी इसके दायरे में आते हैं। वहीं घरौंडा क्षेत्र के खरकाली, झिमरहेड़ी, समालखा और बिजना गांव को भी इस मार्ग से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इन गांवों के लोगों को रिंग रोड बनने से मुख्य सड़कों और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी। भारतमाला परियोजना के तहत 1800 करोड़ का निवेश करनाल ग्रीनफील्ड रिंग रोड लॉट-4/पैकेज-1 भारतमाला परियोजना का हिस्सा है। इसकी अनुमानित लागत करीब 1800 करोड़ रुपए है। परियोजना में केंद्र और हरियाणा सरकार की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। निर्माण का जिम्मा एचजी इंफ्रा कंपनी को दिया गया है। छह लेन के इस हाईवे में पक्के शोल्डर भी बनाए जाएंगे, ताकि वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम हो सके। परियोजना का शिलान्यास 20 जून 2023 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इसके बाद 31 अगस्त 2023 को निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हुआ। शुरुआत में इसे 30 अगस्त 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हो पाया। फरवरी 2026 तक भी परियोजना का निर्माण पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था। अब अधिकारियों के अनुसार शेष काम पूरा कर जनवरी तक इसे तैयार करने का लक्ष्य है। गंजोगढ़ी के पास बनेगा लॉजिस्टिक पार्क, रोजगार भी मिलेंगे रिंग रोड परियोजना का लाभ केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा। इसके तहत गंजोगढ़ी गांव के पास करीब 50 हेक्टेयर जमीन पर लॉजिस्टिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी है। यहां मशीनीकृत गोदाम और कोल्ड स्टोर बनाए जाने की योजना है। इससे किसानों के कृषि उत्पादों और उद्योगों के सामान को सुरक्षित रखने तथा एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। घरौंडा विधानसभा क्षेत्र को मिलेगा बड़ा फायदा: हरविंद्र कल्याण हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने रिंग रोड परियोजना को लेकर कहा कि करीब 1700 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा होगा। उन्होंने बताया कि रिंग रोड का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में आता है। इससे विधानसभा क्षेत्र के गांवों की कनेक्टिविटी और विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि रिंग रोड बनने से क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही कुटेल स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी का काम भी फंक्शनल होने पर क्षेत्र को बड़ा फायदा होगा। मेडिकल यूनिवर्सिटी में आठ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनने हैं। इससे दूर-दूर से लोग इलाज के लिए यहां आएंगे और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा के 50 प्रतिशत मेडिकल कॉलेज भी यूनिवर्सिटी से जुड़ेंगे। इसका लाभ प्रदेश के साथ करनाल और आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा। शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव होगा कम अभी दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाले कई भारी वाहन करनाल शहर के अंदरूनी हिस्सों से होकर गुजरते हैं। इससे शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ता है और कई जगह जाम की स्थिति बनती है। रिंग रोड चालू होने के बाद ऐसे वाहनों को शहर के बाहर से निकलने का वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा। इससे एनएच-44 पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा और मेरठ, कैथल, कुंजपुरा तथा इंद्री रोड की ओर जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। अब परियोजना के शेष 10 प्रतिशत काम को पूरा करने पर नजर है।