समाचार · हरियाणा
फुलझड़ी खरीदने जा रहे स्टूडेंट पर ईंट से हमला:गंभीर हालत में जींद से PGI रेफर, रंजिश में 2 भाइयों ने रास्ता रोककर पीटा
जींद के गांव कुचराना कलां में पुराने विवाद के चलते 9वीं कक्षा के छात्र पर हमला करने का मामला सामने आया है। छात्र दीपावली के लिए दुकान से फुलझड़ी खरीदने जा रहा था। इसी दौरान गांव के दो भाइयों ने उसका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने छात्र के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में घायल छात्र को परिजन जींद के अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया। फिलहाल छात्र का PGI में उपचार चल रहा है। अलेवा थाना पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गली में पहले से खड़े थे दोनों आरोपी गांव कुचराना कलां निवासी छात्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 9वीं कक्षा में पढ़ता है। कुछ दिन पहले उसका गांव के सुलतान के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद से सुलतान उससे रंजिश रखने लगा था। 6 नवंबर की देर शाम वह दुकान पर फुलझड़ी खरीदने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गली में खड़े सुलतान ने उसे देखकर कहा कि आज इसे मजा चखाते हैं और उसका रास्ता रोक लिया। सिर पर ईंट मारकर किया घायल छात्र के अनुसार, इसी दौरान सुलतान का भाई गुरुदेव भी वहां पहुंच गया। दोनों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि गुरुदेव ने ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गली में गिर पड़ा। परिजनों को देखकर धमकी देकर भागे छात्र ने बताया कि शोर सुनकर उसके माता-पिता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर दोनों आरोपी दोबारा देखने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुलतान और गुरुदेव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।