समाचार · झारखंड
Cyclone Arnab Effect: रांची में 29-30 अक्टूबर को पेयजल संकट! 8 लाख लोगों की बढ़ सकती है परेशानी

Cyclone Arnab Effect. राजधानी रांची में चक्रवात ‘अर्णव’ के प्रभाव से लगातार बुधवार से ही रूक-रूक कर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है. इसके प्रभाव से रांची में पेयजल संकट को लेकर भी परेशानी बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है. 29 और 30 अक्टूबर को शहर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है. पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्षकार्य प्रमंडल, रांची की ओर से इस संबंध में आवश्यक सूचना जारी की गई है. विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना तथा रुक्का जलाशय संयंत्र और बूटी पंप हाउस में बिजली आपूर्ति अनियमित रहने के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इससे राजधानी की करीब आठ लाख आबादी पर असर पड़ने की आशंका है.
रुक्का जलाशय संयंत्र से जलापूर्ति बाधित होने की आशंका
विभाग की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 29 और 30 अक्टूबर को रुक्का जलाशय संयंत्र से होने वाली पेयजलापूर्ति बाधित रह सकती है. खराब मौसम और बिजली आपूर्ति में संभावित व्यवधान के कारण जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मुश्किलें आ सकती हैं. हालांकि, विभाग की सूचना में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पानी की आपूर्ति कितने घंटे तक बाधित रहेगी और राजधानी के किन-किन इलाकों में इसका सबसे अधिक असर पड़ेगा. ऐसे में शहरवासियों को अगले दो दिनों के दौरान पेयजल की उपलब्धता को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: Railway Insurance: 45 पैसे में मिलेगा 10 लाख का बीमा, काउंटर टिकट पर भी सुविधा
पानी का भंडारण करने की सलाह, वैकल्पिक व्यवस्था रखें
पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए विभाग ने लोगों को पहले से ही पानी का समुचित भंडारण करने और वैकल्पिक व्यवस्था रखने की सलाह दी है. साथ ही, उपलब्ध पानी का इस्तेमाल सावधानी से करने की अपील की गई है, ताकि संभावित व्यवधान के दौरान दैनिक जरूरतों को पूरा करने में परेशानी कम हो. खासकर उन परिवारों को पहले से तैयारी कर लेनी चाहिए, जिनके घरों में पानी जमा करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. चक्रवात ‘अर्णव’ के प्रभाव और बिजली आपूर्ति की स्थिति पर जलापूर्ति व्यवस्था निर्भर रहने के कारण लोगों को विभाग की ओर से जारी होने वाली अगली सूचना पर भी नजर रखनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab Effect: रांची में आज कैसा रहेगा मौसम? चक्रवात अर्नब के बीच IMD ने जारी की चेतावनी