Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

नारनौल में रेलयात्री संघ ने डीआरएम जयपुर को भेजा ज्ञापन:अटेली स्टेशन पर प्लेटफॉर्म बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

INT News29 October 2026 at 09:58 am

हरियाणा के नारनौल में अटेली रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ, नारनौल ने रेलवे प्रशासन को ज्ञापन भेजा है। इसमें प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, अंडरपास में रोशनी की व्यवस्था करने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) बनवाने में आ रही परेशानी दूर करने और रात के समय सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है। संघ के स्थानीय समन्वय प्रतिनिधि हेमगिरी शर्मा के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर मंडल के नाम यह ज्ञापन दिया गया। इस दौरान भीम कुमार, सुभाष, लीलू सिंह, संदीप, नरेश चौहान, दिलीप कुमार, अशोक कुमार शर्मा सहित स्थानीय रेल यात्री और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। चेतक एक्सप्रेस की दो बोगियां प्लेटफॉर्म से बाहर रह जाती हैं संघ ने ज्ञापन में बताया कि गाड़ी संख्या 20473 चेतक एक्सप्रेस की पीछे की दो जनरल बोगियां प्लेटफॉर्म नंबर-2 से बाहर रह जाती हैं। इससे यात्रियों को परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने या ट्रेन के ठहराव की व्यवस्था में जरूरी बदलाव करने की मांग की गई है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर-2 और डीएफसी लाइन के पास स्थित अंडरपास में पर्याप्त लाइटें लगाने और उनके नियमित रखरखाव की मांग उठाई गई है। संघ के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बने वाटर बूथ से खारा पानी आने की शिकायत भी है। ऐसे में इसकी जांच कर यात्रियों को पीने योग्य स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। एमएसटी और रात की सुरक्षा का मुद्दा उठाया दैनिक यात्रियों को मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) बनवाने में होने वाली कथित आनाकानी का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया है। संघ ने पात्र यात्रियों को नियमानुसार एमएसटी उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, रात के समय शराबियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) या राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की नियमित ड्यूटी लगाने अथवा प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। यात्रियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता संघ के अध्यक्ष एवं संस्थापक गणेश शर्मा 'रेलमित्र' ने कहा कि अटेली स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र की जरूरत है। यात्रियों को सुरक्षित आवागमन, स्वच्छ पेयजल और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ स्थानीय यात्रियों की समस्याओं को रेलवे अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा और उनके समाधान के लिए समन्वय करेगा। संघ ने रेल प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई कर यात्रियों को राहत देने की मांग की है।