समाचार · मध्य प्रदेश
चक्रवात अर्नब से उमरिया में जोरदार बारिश:बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में छाई धुंध, 20 डिग्री पर पहुंचा न्यूनतम पारा
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अर्नब के असर से उमरिया जिले का मौसम बदल गया है। जिले के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई और तापमान गिरकर 20 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह से ठंडक बनी हुई है और धूप नहीं निकली। हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण मौसम सुहावना है। भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। चक्रवात के असर को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सतर्कता बढ़ाई है। प्रबंधन के मुताबिक, रिजर्व में अब तक किसी वन्यप्राणी के हताहत होने, पेड़ गिरने या रास्ता बंद होने की सूचना नहीं है। ताला, मगधी और खितौली सहित कोर और बफर इलाके के सभी पर्यटन जोन सामान्य रूप से चल रहे हैं। किसी भी पर्यटन गेट को बंद नहीं किया गया है। मैदानी अमले को सतर्क रहने, गश्त जारी रखने और निचले इलाकों में पानी भरने पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र संचालक और अन्य अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों का दौरा कर चक्रवात से बने हालात की समीक्षा की है। आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रबंधन ने सभी पर्यटन वाहनों में हुड (कवर) लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान पर्यटकों को परेशानी न हो। प्रबंधन के मुताबिक, फिलहाल स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।