Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

बगोदर में 37.46 करोड़ से बनेगी 7.80 किमी सड़क, 50 हजार लोगों को मिलेगी राहत

INT News29 October 2026 at 09:50 am

धनबादः बगोदर पूर्वी जोन की बदहाल सड़क के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. विधायक नागेंद्र महतो के प्रयासों से एनएच-19 मंढला से अलगडीहा पथ (वाया खेतको) के निर्माण को कैबिनेट से प्रशासनिक स्वीकृति मिल गयी है. इस सड़क की लंबाई 7.80 किलोमीटर है और इसके निर्माण पर 37 करोड़ 46 लाख 52 हजार रुपये खर्च किये जायेंगे.

पथ निर्माण विभाग के माध्यम से होगा काम

ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित इस योजना के तहत सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण किया जायेगा. इसके साथ ही नये पुलों का निर्माण भी योजना में शामिल है. सड़क निर्माण से संबंधित भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और सड़क किनारे पौधरोपण के कार्य भी कराये जायेंगे.

ये भी पढ़ें: विस्थापितों के आंदोलन से ठप हुआ BSL का कामकाज, हाइकोर्ट ने प्रशासन को चेताया

तीन पंचायतों के करीब 50 हजार लोगों को मिलेगी राहत

यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में है. मंढला, पोखरिया और खेतको पंचायत के करीब 50 हजार लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजाना आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है. सड़क का पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जतायी है. उन्होंने सड़क निर्माण की दिशा में पहल के लिए विधायक नागेंद्र महतो के प्रति आभार प्रकट किया है.