Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

करवाचौथ पर चांद के दीदार में लगेगा इंतजार: UP में बारिश का अलर्ट, लखनऊ से वाराणसी तक जानें चंद्रोदय का समय

INT News29 October 2026 at 09:42 am

UP News (पवन तोमर की रिपोर्ट): करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं को इस बार चंद्र दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. उत्तर प्रदेश में 29 अक्टूबर को मौसम में बदलाव की संभावना के बीच कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. ऐसे में शाम को आसमान में बादल छाए रहने पर चांद दिखाई देने में देरी हो सकती है. हालांकि, मौसम का असर हर जिले में एक जैसा नहीं रहेगा और चंद्र दर्शन की स्थिति स्थानीय मौसम पर निर्भर करेगी.

पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है. नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में बारिश तथा तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है. हालांकि, बारिश की चेतावनी का मतलब यह नहीं है कि प्रदेश के सभी जिलों में पूरे दिन बारिश होगी.

लखनऊ से नोएडा तक अलग-अलग समय पर चंद्रोदय

करवा चौथ पर चंद्रमा निकलने का समय शहर के अनुसार अलग-अलग रहता है. पंचांग आधारित गणना के मुताबिक, लखनऊ में रात करीब 8:06 बजे, कानपुर में 8:10 बजे, प्रयागराज में 8:06 बजे और वाराणसी में लगभग 8:02 बजे चंद्रोदय का अनुमान है. अयोध्या में रात करीब 8:01 बजे और गोरखपुर में लगभग 7:56 बजे चांद निकलने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नोएडा और गाजियाबाद में रात करीब 8:16 बजे, मेरठ में 8:14 बजे और अलीगढ़ में 8:15 बजे चंद्रोदय का अनुमान है. आगरा और मथुरा में रात करीब 8:18 बजे, बरेली में 8:08 बजे तथा मुरादाबाद में करीब 8:10 बजे चांद निकलने की संभावना बताई गई है. ये समय अनुमानित हैं. अलग-अलग पंचांगों में कुछ मिनट का अंतर हो सकता है.

चांद निकलने और दिखाई देने में है अंतर

चंद्रमा के निकलने का निर्धारित समय और आसमान में उसका साफ दिखाई देना दो अलग-अलग बातें हैं. यदि मौसम साफ रहा तो महिलाएं निर्धारित समय के आसपास चंद्र दर्शन कर सकेंगी. लेकिन घने बादल छाए रहने, बारिश होने या क्षितिज पर बादलों की परत होने से चांद नजर आने में देरी हो सकती है. ऐसे में कुछ स्थानों पर महिलाओं को रात आठ बजे के बाद भी इंतजार करना पड़ सकता है. रात 8:10 बजे को पूरे उत्तर प्रदेश के लिए चंद्र दर्शन का निश्चित समय मानना सही नहीं होगा.

शाम को पूजा के बाद चंद्र दर्शन की तैयारी

लखनऊ में करवा चौथ की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:26 बजे से 6:43 बजे तक बताया गया है. महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय की पूजा करेंगी. इसके बाद करवा चौथ की कथा सुनकर चंद्रमा के निकलने की प्रतीक्षा की जाएगी. चांद दिखाई देने पर अर्घ्य देकर पति के हाथों जल ग्रहण करने के साथ व्रत का पारण किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: UP MLC Election Result: एमएलसी चुनाव से सपा को बड़ी राहत! विधान परिषद में बची नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी, जानें पूरा सियासी गणित