Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

सीएम भगवंत मान आज कमालपुरा में करेंगे लोक मिलनी:लोगों की समस्याएं सुनेंगे, दौरे से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम

INT News29 October 2026 at 09:41 am

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज 29 अक्टूबर को जगराओं क्षेत्र के गांव कमालपुरा पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान लोगों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, दौरे से पहले गांव में मुख्यमंत्री के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों को लेकर भी विवाद चर्चा में है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को डीआईजी संदीप गोयल ने कमालपुरा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता और जगराओं की विधायक सर्वजीत कौर माणूके भी मौजूद थीं। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों के साथ यातायात व्यवस्था, पार्किंग और लोगों के बैठने के इंतजामों का जायजा लिया था। प्रशासन की ओर से लोगों से दोपहर 2 बजे होने वाली लोक मिलनी में शामिल होने की अपील की गई थी। लोक मिलनी में सीधे लोगों से रूबरू होंगे मुख्यमंत्री

लोक मिलनी का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने का अवसर देना है। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित शिकायतें उठने की संभावना है। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि मुख्यमंत्री के समक्ष उठने वाली समस्याओं पर मौके पर क्या कार्रवाई होती है। 2027 के चुनाव से पहले सीएम के दौरे के सियासी मायने

मुख्यमंत्री का जगराओं क्षेत्र में दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। आम आदमी पार्टी में जगराओं विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के कमालपुरा दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। विधायक सर्वजीत कौर माणूके के समर्थक मुख्यमंत्री के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव और टिकट की दावेदारी के नजरिए से देख रहे हैं। हालांकि, इस दौरे का टिकट के फैसले से कोई सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। ऐसे में लोक मिलनी के दौरान मुख्यमंत्री के संदेश और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर होने वाली चर्चाओं पर सबकी निगाहें रहेंगी।