समाचार · मध्य प्रदेश
क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम का भूमिपूजन हुआ:खरगोन में 11 राज्यों के 16 माटी दूत पहुंचे; समारोह में 850 से ज्यादा लोग शामिल
खरगोन जिले के नेमित में क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम का भूमिपूजन हुआ। एनर्जी स्वराज फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में 850 से ज्यादा लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि संत प्रभुजी नागर थे। जलवायु सुधार के लिए आश्रम की शुरुआत की गई है। ‘एक मुट्ठी माटी’ अभियान के तहत देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों की मिट्टी आश्रम की नींव में रखी गई। 11 राज्यों से 16 माटी दूत समारोह में पहुंचे। इनमें कश्मीर से अब्दुल राशिद, कन्याकुमारी से डॉ. किशोर और पश्चिम बंगाल से श्रीमती अर्चा शामिल थे। आईआईटी बॉम्बे के पूर्व प्रोफेसर और ऊर्जा स्वराज यात्रा के प्रणेता प्रो. चेतनसिंह सोलंकी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के लिए केवल सरकारों या संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी भूमिका समझनी होगी और यह मानना होगा कि धरती सीमित है, इसलिए हमारा उपभोग भी सीमित होना चाहिए। सोलंकी ने कहा कि इस बात को सीखने, सिखाने और अपनाने के लिए क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम बनाया जा रहा है। प्रभुजी नागर महाराज ने कहा, “त्रेतायुग में रावण और द्वापरयुग में कंस खलनायक था, लेकिन कलियुग में ‘मैं’ ही खलनायक है।” इंदौर के हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. भरत रावत ने मौजूदा जीवनशैली पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोगों को सोचना चाहिए कि वे अपने बच्चों के लिए कैसी धरती छोड़कर जा रहे हैं। समारोह में पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की कोशिश की गई। 850 लोगों के नाश्ते और भोजन की व्यवस्था में 200 ग्राम से ज्यादा प्लास्टिक कचरा नहीं हुआ। इसके लिए दोबारा इस्तेमाल होने वाले बर्तनों और सामग्री का उपयोग किया गया। एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक से बचा गया। ऊर्जा स्वराज यात्रा के छह साल पूरे हो गए हैं और उसने सातवें साल में प्रवेश किया है।