Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नेपा मिल के कर्मचारियों को 17 महीने से सैलेरी नहीं:बकाया वेतन की मांग को लेकर निकाली रैली, मुख्य महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

INT News28 October 2026 at 07:41 pm

बुरहानपुर की नेपा लिमिटेड के कर्मचारियों को 17 महीने से वेतन नहीं मिला है। बकाया वेतन और दीपावली पर आर्थिक मदद की मांग को लेकर कर्मचारियों ने बुधवार शाम मिल गेट से प्रशासनिक भवन तक पैदल मार्च निकाला। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया और मुख्य महाप्रबंधक राम अलागेशन को ज्ञापन सौंपा। नेपा लिमिटेड एशिया की पहली अखबारी कागज मिल है। नेपा मिल श्रमिक संघ के अध्यक्ष प्रवीण सोनी ने बताया कि कर्मचारियों का 17 महीने का वेतन बकाया है। उन्होंने कहा कि कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। कई बार मांग उठाई, फिर भी नहीं मिला वेतन प्रवीण सोनी के मुताबिक, श्रमिक संघ कई बार दिल्ली जाकर अपनी मांग रख चुका है। सांसद के सामने भी यह मुद्दा उठाया गया, लेकिन अब तक वेतन नहीं मिला है। सोनी ने बताया कि मिल प्रबंधन ने पत्र के जवाब में कहा था कि कोयला आने और मिल चालू होने के बाद ही वेतन दिया जा सकेगा। कर्मचारियों को दशहरा पर भी वेतन नहीं मिला। 52 कर्मचारियों ने PF से लिया 50 लाख का लोन श्रमिक संघ के मुताबिक, दीपावली मनाने के लिए 52 कर्मचारियों ने अपने PF खाते से करीब 50 लाख रुपए का लोन लिया है। श्रमिक संघ ने 28 अक्टूबर को प्रबंधन को पत्र लिखकर बकाया वेतन जल्द देने और दीपावली पर 25 हजार रुपए की अग्रिम सहायता देने की मांग की। पत्र में कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए जल्द फैसला लेने का आग्रह किया गया है। संघ ने मिल चलाने के प्रयासों की सराहना की श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी की ओर से भेजे गए पत्र में मिल को दोबारा चालू करने के लिए प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की गई है। पत्र में कहा गया है कि कर्मचारी भी मिल के संचालन में प्रबंधन का सहयोग करते रहे हैं। संघ ने यह भी कहा कि कर्मचारियों ने लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों में काम किया है, लेकिन वेतन की समस्या का समाधान नहीं होने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। प्रबंधन बोला- कोयला नहीं, इसलिए मशीनें बंद नेपा मिल के मुख्य महाप्रबंधक आर. अलागेशन ने कहा, “मैनेजमेंट पूरी तरह से प्रयासरत है। कोयला न होने की वजह से मशीन नहीं चला पा रहे हैं। मिनिस्ट्री से लगातार बातचीत चल रही है। जल्द ही अच्छी खबर देंगे। पहले हमने सैलरी कुछ पैसा आने पर दिया था। उम्मीद है कि दीपावली के पहले कोई गुड न्यूज मिले।”