Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शराब बिक्री से परेशान 100 ग्रामीणों ने एएसपी को घेरा:नरसिंहपुर के मेख गांव में आठ लोगों पर लगाया आरोप, महिलाओं-बच्चों पर पड़ रहा असर

INT News10 November 2026 at 04:52 pm

नरसिंहपुर जिले के ठेमी थाना क्षेत्र के मेख गांव में कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ करीब 100 ग्रामीणों ने मंगलवार को एएसपी संदीप भूरिया को आवेदन दिया। ग्रामीणों ने देशी और अंग्रेजी शराब की बिक्री रोकने और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आवेदन में ग्रामीणों ने राजू दुबे, भूपेंद्र दुबे, सत्यनारायण उर्फ बबलू चौधरी, रज्जन चौधरी, अरविंद चौधरी, मनीष चौधरी, चंदन चौधरी और सत्यवान चौधरी पर अवैध शराब बेचने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक, राजू और भूपेंद्र दुबे मुख्य रूप से शराब बिकवाते हैं, जबकि बाकी लोग इसमें सहयोग करते हैं। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप ग्रामीणों का कहना है कि शराब पीकर कुछ लोग आए दिन उत्पात मचाते हैं और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। इससे महिलाओं को घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल से लगे एक मकान में शराब बेची जा रही है। इससे विद्यार्थियों पर बुरा असर पड़ रहा है और कुछ बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। विरोध करने पर धमकाने की शिकायत ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब बिक्री का विरोध करने पर संबंधित लोग गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। साथ ही जान से मारने और झूठे एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी देते हैं। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने ठेमी थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने एएसपी को आवेदन देकर जांच कराने, शराब बिक्री रुकवाने और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।