national
ऑपरेशन ब्लू स्टार पर सोनिया के खुलासे से बवाल: AAP ने बताया अप्रमाणित, BJP बोली- सत्ता की भूख

Sonia Gandhi Book: हार्पर कॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब मंगलवार को बाजार में आई. इसमें सोनिया गांधी ने इटली में अपने बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, गांधी परिवार में उनके जीवन और इंदिरा गांधी तथा राजीव गांधी की हत्याओं से जुड़े निजी अनुभवों का जिक्र किया है. किताब में उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मनोदशा का भी वर्णन किया है.
किताब में सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद का एक निजी अनुभव साझा किया है. उन्होंने लिखा कि जब इंदिरा गांधी ने इस सैन्य अभियान के बाद के हालात का वीडियो देखा, तो उनकी आंखों में आंसू थे.
सोनिया गांधी के मुताबिक, ‘जब मेरी सास उस वीडियो को देख रही थीं, तो मैंने उनका चेहरा आंसुओं से भीगा हुआ देखा. मुझे लगा कि ये दर्द और पछतावे के आंसू थे. उन्हें इस बात का दुख था कि घेराबंदी का अंत जिस तरह हुआ और इसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई.’
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने दो बार दी कैंसर को मात, मीडिया से बचने के लिए इटली में कराया ऑपरेशन
AAP बोली- इंदिरा गांधी ने खुद अफसोस जताया होता तो ज्यादा मायने रखता
सोनिया गांधी के इस खुलासे पर AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी अब लोगों को इन पुराने जख्मों से आगे बढ़ने में मदद करने की कोशिश कर रही हैं. हालांकि, अगर इंदिरा गांधी ने उस समय खुद अपने फैसले पर अफसोस जताया होता, तो उसका कहीं ज्यादा महत्व होता.
भारद्वाज ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, ‘सोनिया गांधी की ओर से कही गई यह बात महज सुनी-सुनाई है. इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती. इसे मौजूदा राजनीतिक माहौल के हिसाब से दिया गया एक राजनीतिक बयान माना जाना चाहिए.’
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को शायद अब यह एहसास हुआ है कि तोप और हथियारों के साथ सेना को स्वर्ण मंदिर में भेजने और उसके बाद दिल्ली की सड़कों पर सिखों के खुलेआम नरसंहार जैसी घटनाओं ने कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
ये भी पढ़ें: संजय की मौत के बाद बड़ा राजनीतिक पद चाहती थीं मेनका: सोनिया ने खोले गांधी परिवार के झगड़े के राज
BJP सांसद ने पूछा- तबाही की जिम्मेदारी कौन लेगा?
BJP सांसद और राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू ने भी सोनिया गांधी के बयान पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद जब इंदिरा गांधी ने स्वर्ण मंदिर की तबाही की तस्वीरें देखीं, तो उनकी आंखों में आंसू आ गए थे और उन्हें अफसोस हुआ था.
संधू ने सवाल किया कि अगर इंदिरा गांधी को इस तबाही का पछतावा था, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन था? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आज तक सिखों के साथ हुए अन्याय की जिम्मेदारी नहीं ली है.
उन्होंने कहा, ‘क्या इंदिरा गांधी का पछतावा सिखों के साथ हुए अन्याय को लेकर था? क्या उन्हें स्वर्ण मंदिर पर हमले का अफसोस था या फिर अपने राजनीतिक फैसले का?’
संधू ने यह भी कहा कि ऑपरेशन के बाद हुई घटनाओं और सिखों के नरसंहार के लिए जिम्मेदार लोगों पर भी सवाल उठने चाहिए.
BJP बोली- मनमोहन सिंह नाम के प्रधानमंत्री थे, सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी
BJP सांसद भोला सिंह ने सोनिया गांधी की किताब के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सिर्फ नाम के प्रधानमंत्री थे और सरकार रिमोट कंट्रोल से चलाई जाती थी. उनके मुताबिक, सोनिया गांधी ने कांग्रेस पार्टी और सरकार को किस तरह नियंत्रित किया, इस बारे में काफी सामग्री उपलब्ध है.
ऑपरेशन ब्लू स्टार के जिक्र पर भोला सिंह ने कांग्रेस पर सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाने से लेकर दंगे भड़काने तक कांग्रेस का एक ऐसा इतिहास रहा है, जिसमें सत्ता की भूख को प्राथमिकता दी गई.
ये भी पढ़ें: 'एक साल बाद राजीव से मिली तो बोल नहीं पाई...', सोनिया गांधी की पहली भारत यात्रा, बच्चन परिवार का घर और यादें
क्या था ऑपरेशन ब्लू स्टार?
ऑपरेशन ब्लू स्टार 1 से 8 जून 1984 के बीच भारतीय सेना की ओर से चलाया गया सैन्य अभियान था. तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आदेश पर सेना ने पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में प्रवेश किया था. इसका मकसद जरनैल सिंह भिंडरावाले और उसके हथियारबंद समर्थकों को बाहर निकालना था.
भिंडरावाले दमदमी टकसाल का प्रमुख था. उस पर अपने समर्थकों के साथ स्वर्ण मंदिर परिसर में हथियार जमा करने और वहां से सशस्त्र गतिविधियां चलाने के आरोप थे. सेना की कार्रवाई में भिंडरावाले और उसके कई हथियारबंद समर्थक मारे गए. हालांकि, इस सैन्य अभियान में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और स्वर्ण मंदिर परिसर को भी भारी नुकसान पहुंचा.
ऑपरेशन ब्लू स्टार की देशभर में तीखी आलोचना हुई. इसके करीब चार महीने बाद 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की उनके दो सिख सुरक्षाकर्मियों बेअंत सिंह और सतवंत सिंह ने नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी थी.
ये भी पढ़ें: प्रियंका ने कांपते हुए कहा था- ‘पापा इज डेड', सुनते ही बेटी की बाहों में सिमट कर रोने लगी थीं सोनिया