समाचार · मध्य प्रदेश
बालाघाट में ससुराल जाते वक्त बस से टकराई बाइक, मौत:दीपावली मनाने नागपुर से आया था घर, हादसे में इकलौते बेटे के सिर से उठा पिता का साया
बालाघाट के बैहर मार्ग पर चिखलाझोड़ी और लौंगुर के बीच मंगलवार को यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार रोशन उइके (32) की मौत हो गई। वह चिखलाझोड़ी का रहने वाला था। दीपावली मनाने के लिए नागपुर से घर आया था। मंगलवार सुबह ससुराल जाते समय हादसे का शिकार हो गया। रोशन नागपुर की एक प्लाई फैक्ट्री में काम करता था। मंगलवार सुबह वह रूपझर थाना क्षेत्र के बोदलबेहरा स्थित ससुराल जाने के लिए निकला था। रास्ते में गोलाई के पास बालाघाट से सालेटेकरी जा रही यात्री बस और उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद रोशन बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस की पहचान में जुटी पुलिस हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। पुलिस के मुताबिक, अभी यह पता नहीं चल सका है कि बस किस यात्री सेवा की थी। इसकी जांच की जा रही है। रोशन का एक बेटा है।