Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पति ने पत्नी की गला घोटकर की हत्या:होशियारपुर में शव गन्ने के खेत में फेंका; आरोपी गिरफ्तार, 2 बच्चों की मां थी

INT News10 November 2026 at 05:48 pm

पंजाब के होशियारपुर जिले के मुकेरियां इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को पास के गन्ने के खेत में फेंक दिया। आरोपी ने महिला के मायके वालों को फोन कर बताया था कि उसकी पत्नी 5 नवंबर से लापता है। महिला के भाइयों को उसकी बातों पर शक हुआ। उन्होंने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद दोनों भाई आरोपी को उसी गन्ने के खेत में ले गए, जहां महिला का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने महिला के भाई की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। 12 साल पहले हुई थी शादी मृतका की पहचान रुबीना खातून (33) के रूप में हुई है। वह बिहार के कटिहार जिले के चापखोर गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब 12 साल पहले पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मलिकपारा गांव निवासी जहादुल इस्लाम से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। परिवार पिछले करीब 5 साल से मुकेरियां के फत्तुवाल रोड पर किराए के मकान में रह रहा था। रुबीना महुद्दीनपुर दलेल गांव में गलियों की सफाई का काम करती थी। उसका पति भी उसके साथ काम पर जाता था। 5 नवंबर को पत्नी के लापता होने की दी थी सूचना रुबीना के भाई सोहेल अली ने पुलिस को बताया कि 5 नवंबर को जहादुल ने फोन कर उसकी बहन के लापता होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने अपने बड़े भाई साकिल अली को 6 नवंबर को मुकेरियां भेजा। सोहेल खुद 7 नवंबर को वहां पहुंचा। दोनों भाइयों ने अपने बहनोई के साथ मिलकर रुबीना की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस दौरान उन्हें जहादुल की बातों पर शक होने लगा। पूछताछ में कबूली हत्या की बात सोहेल के अनुसार, जब दोनों भाइयों ने जहादुल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। 5 नवंबर को दोनों पति-पत्नी महुद्दीनपुर दलेल गांव में सफाई के काम पर गए थे। काम के दौरान जब वे कूड़े की गाड़ी लेकर गांव के मैदान के पास कूड़ा फेंकने पहुंचे तो जहादुल अपनी पत्नी को पास के गन्ने के खेत में ले गया। वहां उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव खेत में ही फेंक दिया। गन्ने के खेत में मिला महिला का शव आरोपी ने इस घटना की जानकारी गांव के सरपंच को भी दी थी। बाद में वह दोनों भाइयों को उसी गन्ने के खेत में ले गया, जहां रुबीना का शव पड़ा था। सोहेल के मुताबिक, शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। इसके बाद जहादुल वहां से भाग गया। भाइयों के शोर मचाने पर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सोहेल अली की शिकायत पर जहादुल इस्लाम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।