समाचार · मध्य प्रदेश
बेटी की मौत, एसपी से शिकायत करने पहुंची मां:ससुराल पक्ष के सात लोगों पर लगाया हत्या का आरोप, जल्द मामला दर्ज करने की मांग
नरसिंहपुर जिले में एक विवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। मंगलवार को मृतका की मां हीराबाई चौधरी ने पति भगवानदास चौधरी के साथ पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। उन्होंने नामजद आरोपियों पर एफआईआर और निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत के मुताबिक, डाली चौधरी की शादी सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में लाखों रुपए मांग रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर डाली के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया जाता था। छह लोगों ने की मारपीट परिजनों का आरोप है कि 6 तारीख की रात आरोपियों ने एकराय होकर डाली के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को साड़ी के सहारे पंखे से लटका दिया। परिजनों ने शिकायत में बताया कि अगले दिन मौके पर पहुंचने पर शव के आसपास खून बिखरा मिला। उन्होंने ससुर, सास और ननद समेत सात लोगों को नामजद किया है। एक आरोपी पुलिस में एक आरोपी पर पुलिस विभाग में पदस्थ होने का फायदा उठाकर जांच को प्रभावित करने और सबूत दबाने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों ने उच्चस्तरीय जांच और आरोपियों पर दहेज हत्या व सबूत छिपाने की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि मर्ग की जांच की जा रही है।