entertainment
'आतंकवादियों के लिए बहाए घड़ियाली आंसू', कंगना के बयान से मचा बवाल

Kangana Ranaut Sonia Gandhi Statement: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने एक बार फिर गांधी परिवार को लेकर विवादित बयान दिया है. सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' ('Belonging: A Journey of Love') के बाजार में आने के बीच कंगना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सोनिया गांधी और राजीव गांधी की तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने गांधी परिवार के इतिहास और इंदिरा गांधी, संजय गांधी व राजीव गांधी की मौत को लेकर सवाल उठाए.
कंगना ने पोस्ट में क्या लिखा?
कंगना ने अपने पोस्ट में लिखा,
''आज हर कोई NVIDIA हनी ट्रैप विवाद के बारे में बात कर रहा है. फिल्म 'इमरजेंसी' के लिए मैंने भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर काफी रिसर्च की थी.
मुझे एक बात आज तक समझ नहीं आई कि एक रहस्यमयी विदेशी महिला गांधी परिवार में आती है और फिर इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी, यानी सत्ता के सभी संभावित उत्तराधिकारी मारे जाते हैं.
इसके बाद सत्ता की दावेदार के रूप में केवल एक ही व्यक्ति बचती हैं, जिन्हें जनता की सहानुभूति मिल सकती थी. वह विदेशी महिला थीं- सोनिया गांधी.
लोगों ने इस बात पर ध्यान ही नहीं दिया कि ये संयोग कुछ ज्यादा ही नहीं थे? इसके अलावा, उस विदेशी महिला पर विदेशी एजेंडे को खुलेआम बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे. उन्होंने आतंकवादियों के प्रति भी घड़ियाली आंसू बहाए. इसके बावजूद वह दशकों तक सरकार का नेतृत्व करने में कामयाब रहीं. हालांकि, 2014 में आखिरकार यह सब बदल गया.''
सोनिया गांधी की किताब के बीच आया बयान
कंगना का यह बयान सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के बाजार में आने के बीच सामने आया है. हार्पर कॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित इस किताब में सोनिया गांधी के बचपन, उनके शुरुआती जीवन और राजीव गांधी से शादी के बाद भारतीय राजनीति से जुड़ने तक के सफर का जिक्र है.
पहले भी गांधी परिवार पर निशाना साध चुकी हैं कंगना
गांधी परिवार को लेकर कंगना पहले भी कई बार बयान दे चुकी हैं.
मार्च 2024 में उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को 'नेपो किड्स' कहा था.
अप्रैल 2024 में एक इंटरव्यू में राहुल गांधी को 'महत्वाकांक्षी मां का शिकार' बताया था.
अगस्त 2024 में फिल्म 'इमरजेंसी' के प्रमोशन के दौरान उन्होंने इंदिरा गांधी को केवल राहुल गांधी की दादी के तौर पर देखने पर आपत्ति जताई थी.
कंगना के ताजा बयान के बाद एक बार फिर गांधी परिवार और उनके राजनीतिक इतिहास को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
ये भी पढ़ें: कौन है रूसी मॉडल कोनिडेला, जिसे डिप्टी CM पवन कल्याण ने दिया तलाक?