समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:सिर-छाती में गोली मार सगे भाई की हत्या, युवती के साथ पकड़ा पति; AAP विधायक का चुनाव लड़ने से इनकार
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर AAP विधायक व पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर के चुनाव न लड़ने से जुड़ी रही। जेल में बंद भुल्लर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसका ऐलान किया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. आप MLA का चुनाव लड़ने से इनकार पंजाब में 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होने के बाद तरनतारन के पट्टी से MLA व पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। भुल्लर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसका ऐलान किया। भुल्लर इस वक्त जेल में बंद हैं। मंत्री रहते वह पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन में अमृतसर के जिला मैनेजर (DM) डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में फंस गए थे। भुल्लर की पत्नी सुरिंदरपाल कौर भुल्लर भी टिकट की दावेदारी जता रहीं थी। हालांकि AAP भुल्लर के जेल में रहने की वजह से पहलवान जस्सा पट्टी को हलका इंचार्ज लगा चुकी है। इससे पहले AAP गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद लुधियाना वेस्ट से MLA व मंत्री संजीव अरोड़ा को पहली लिस्ट में टिकट दे चुकी है (पढ़ें पूरी खबर) 2. AAP नेता ने सिर-सीने में गोली मार सगे भाई की हत्या की अमृतसर में AAP नेता ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी किरणप्रीत सिंह कैमी आम आदमी पार्टी (AAP) के ब्लॉक समिति का मेंबर है। घटना मजीठा रोड स्थित गांव पंडोरी वड़ैच में हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों भाईयों के बीच जमीन को लेकर झगड़ा हुआ। जिसके बाद AAP नेता कैमी ने अपने छोटे भाई सिमरदीप सिंह के सिर और सीने में गोली मार दी। गोली लगने के कारण सिमरदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल भी नहीं ले जाया जा सका और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसकी लाश किचन में पड़ी छोड़कर आरोपी AAP नेता वहां से भाग गया (पढ़ें पूरी खबर) 3. घने कोहरे में 4 गाड़ियां टकराईं, बच्चे समेत 7 घायल पंजाब में सुबह के वक्त घने कोहरे से मोगा में 4 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। जिसमें बच्चे और बुजुर्ग दंपती समेत 7 लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब मंगलवार सुबह बाघापुराना-बठिंडा भारतमाला एक्सप्रेसवे पर बठिंडा की तरफ जा रही स्कॉर्पियो आगे चल रही स्विफ्ट से टकरा गई। जिसके बाद स्कॉर्पियो डिवाइडर से जा टकराई। इसके बाद कोहरे की वजह से पीछे से आ रही गाड़ियां आगे हादसे को नहीं देख पाईं और क्रेटा व अर्टिगा गाड़ी उनसे जा टकराईं। घायलों को राहगीरों ने शीशे तोड़कर बाहर निकाला। वहीं फिरोजपुर में जीरा-कोट ईसे खां मेन रोड पर कोहरे की वजह से प्राइवेट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जिस का ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गया (पढ़ें पूरी खबर) 4. इंस्टाग्राम पर 'मिस यू भाई' लिखने पर फॉर्च्यूनर तोड़ी, एक्टिवा फूंकी चंडीगढ़ में इंस्टाग्राम पर जेल में बंद युवक के लिए 'मिस यू भाई' लिखने को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध जताया और उनके बीच इंस्टाग्राम पर ही गाली-गलौज शुरू हो गई। जिसके बाद विरोधी इंस्टाग्राम पोस्ट डालने वाले नाबालिग के घर पहुंच गए। यहां उन्होंने नाबालिग को घेर लिया। उसने मदद के लिए पिता तो बुलाया तो आरोपियों ने उनका सिर फोड़ दिया। उनके घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर तोड़ दी और साथी की एक्टिवा को भी आग लगा दी। पुलिस ने नाबालिग के पिता के बयान पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 5. अकाली+BJP गठजोड़ का ऐलान इसी महीने पंजाब में 2027 के चुनाव के लिए अकाली दल और BJP के गठबंधन का ऐलान नवंबर के तीसरे हफ्ते में ही हो जाएगा। अकाली दल चाहता था कि इसकी घोषणा 8 दिसंबर को हो, क्योंकि उस दिन पूर्व CM स्व. प्रकाश सिंह बादल का जन्मदिन है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का तर्क है कि दिसंबर तक का इंतजार करना चुनाव के लिहाज से काफी देरी कर देगा। संभावना जताई जा रही है कि 15 से 22 नवंबर के बीच प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा तय हो सकता है। इसके बाद बठिंडा में दोनों दलों की जॉइंट रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसकी घोषणा कराई जाए। दोनों दलों ने सीट शेयरिंग और CM चेहरे के लिए 2-2 फॉर्मूले बनाए हैं (पढ़ें पूरी खबर) 6. ससुराल में फायरिंग, ससुर को गोली मारी जालंधर में मंगलवार तड़के दामाद ने ससुरालियों पर फायरिंग कर दी। उसने साले को टारगेट कर गोली चलाई लेकिन ससुर बीच में आ गए, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ससुरालियों का आरोप है कि दामाद जबरन उनसे उनकी कार की चाबी मांग रहा था। जब उन्होंने इनकार किया तो उसने कहा कि मेरे दोस्तों के साथ मेरी बेइज्जती कर रहे हो और फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की सास बलविंदर कौर ने आरोप लगाया कि उनका दामाद नशे का आदी है और कोई कामकाज नहीं करता। वह पिछले 6-7 महीनों से, बल्कि करीब एक साल से अपनी पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहा था (पढ़ें पूरी खबर) 7. पत्नी के बॉयफ्रेंड की पीट-पीटकर हत्या लुधियाना में पति ने अपनी पत्नी के बॉयफ्रेंड को बेट से पीट-पीटकर मार डाला। आरोपी ने भाई के साथ मिलकर उसका सिर फोड़ दिया फिर भागने वाला था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस के सामने पत्नी और उसके प्रेमी की कहानी का खुलासा किया। उसने बताया है कि युवक उसकी पत्नी को 3 बार घर से भगा ले जा चुका था। उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह माना नहीं। वह गांव में उसकी बेइज्जती करवा रहा था। इसलिए, उसने युवक को मार डाला। मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गुजरात के अहमदाबाद का रहने वाला था (पढ़ें पूरी खबर) 8. सोनिया गांधी की किताब से गरमाई सियासत पंजाब में चुनाव से पहले सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर सियासत तेज हो गई है। शिरोमणि अकाली दल ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार पर इंदिरा गांधी की मनोदशा का उल्लेख किया है और कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी परेशान थीं। सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी को अपनी मौत का अहसास हो गया था और उन्होंने मरने से पहले ही उन्हें बता दिया था। अकाली दल ने कांग्रेस से सवाल किया है कि क्या ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी ने कांग्रेस को यह कहा था कि दिल्ली की सड़कों पर सिखों का कत्लेआम किया जाए और महिलाओं के साथ सरेआम रेप करें (पढ़ें पूरी खबर) 9. पहलवान की छाती में गोली मारकर हत्या कपूरथला के थाना सिटी क्षेत्र में सोमवार रात पटाखे फोड़ते हुए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके दोस्त उसे फौरन स्कूटी पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनी के रूप में हुई है। वह मोहल्ला मेहताबगढ़ के रहने वाले बग्गा सिंह का बेटा था। मनी पहलवानी करता था। उसकी करीब 6 माह पहले ही शादी हुई थी। वह 4 बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गोली चलाने वालों की पहचान हो गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. पति युवती के साथ रंगरलियां मनाता पकड़ा जालंधर में पत्नी ने पति को युवती के साथ रंगरलिया मनाते पकड़ा। युवती के साथ पति को देखकर पत्नी भड़क गई। उसने वहीं पर पति की थप्पड़ और चप्पल के साथ पिटाई कर दी। महिला अपने परिजनों के साथ रूम में पहुंची थी। परिजनों ने भी दामाद की पिटाई की। पिटाई करते का वीडियो भी सामने आया है। इस दौरान रूम से आपत्तिजनक सामान भी मिला। पत्नी के मुताबिक पति 5 साल से युवती के साथ रिलेशन में है। इसको लेकर कई बार विवाद हो चुका है। पति को समझाया भी गया, लेकिन पति फिर भी नहीं माना। युवती अनमैरिड है।