national
प्रियंका ने कांपते हुए कहा था- ‘पापा इज डेड', सुनते ही बेटी की बाहों में सिमट कर रोने लगी थीं सोनिया

सोनिया गांधी की बहुचर्चित किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' बाजार में आ गई है और इसके बाजार में आते ही उनके जीवन से जुड़ी कई बातें सार्वजनिक हो रही हैं, जो अबतक पर्दे के पीछे छिपी थीं. ऐसी ही एक बात किताब के आने से सामने आई है और वो है राजीव गांधी की मौत की खबर सोनिया को कैसे मिली थी.
सोनिया गांधी के पति और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत 21 मई 1991 में हुई थी. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि चुनावी कैंपेन के दौरान प्रियंका और वो खुद राजीव के साथ रहते थे. जिस वक्त राजीव की मौत हुई उसके कुछ दिन पहले वो दोनों कैंपेन से वापस आ गई थीं. राजीव से मिलने का मौका रायबरेली में मिला था पर मुलाकात नहीं हो पाई थी. हालांकि प्रियंका गांधी उनसे मिली थीं और उन्होंने सोनिया गांधी को बताया था कि पापा बहुत थके हुए थे. वे लगातार देश भर में चुनावी कैंपेन कर रहे थे और इससे वे बहुत थके हुए थे.
सोनिया लिखती है कि जब भी राजीव नहीं होते थे मैं बेड पर उनकी साइड में लेटती थी और इससे मुझे बहुत सुकून महसूस होता था. सोनिया गांधी के इन शब्दों में उनका इमोशन साफ नजर आ रहा है. उस रात बेड के बगल की टेबल लैंप में वो एक किताब पढ़ रही थीं. प्रियंका कई बार उनके कमरे में आकर जा चुकी थीं, क्योंकि उन्हें किसी पार्टी में जाना था. पार्टी के लिए वो कपड़े पहनती थीं और फिर उसे दिखाने के लिए सोनिया के कमरे में आती थीं. सोनिया लिखती हैं कि उसके कमरे में म्यूजिक बज रहा था. अचानक म्यूजिक बंद हो गया और मुझे कॉरिडोर से मेरे कमरे की ओर दौड़ते हुए कदमों की आवाज सुनाई दी.
मेरे कमरे के दरवाजे पर कदमों की आवाज अचानक रुक गई. प्रियंका गांधी धीरे से अंदर आईं, वो बिलकुल घबराई हुई सी थीं, जैसे खुद को सांत्वना दे रही हों. उनकी सांसें तेज थीं और चेहरे का रंग उड़ा हुआ था. उसने बताया कि मुझे अभी एक फोन आया था. एक बम धमाका हुआ है. वे कह रहे हैं कि पापा के आस-पास के बारह लोग मर गए हैं, लेकिन वह ठीक हैं. यह मुमकिन नहीं हो सकता. अगर बारह लोग मर गए हैं, तो वह घायल होंगे, वह हॉस्पिटल में होंगे. हमें मद्रास जाना होगा मम्मा आप रेडी हो जाएं.
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि प्रियंका का डर उसके शब्दों पर हावी था. वह स्पष्ट बता नहीं पा रही थीं. कहां ब्लास्ट हुआ कौन सा बम? मैं कुछ समझ नहीं पा रही थी. उसने आगे बढ़कर मुझे गले लगा लिया, उसकी धड़कन बढ़ी हुई थी जो मुझे अपनी छाती पर महसूस हो रही थी. उसके बाद प्रियंका ने कहा कि वह ऑफिस जाकर चेक करती हैं. राजीव गांधी के पर्सनल सेक्रेटरी मिस्टर जॉर्ज ने उनसे कहा था कि वह पता करेंगे, लेकिन उन्होंने वापस कॉल नहीं किया. वे अब फोन भी नहीं उठा रहे हैं.
सोनिया गांधी लिखती हैं- प्रियंका थोड़ी देर बाद लौट आईं. उसका चेहरा सर्द था, उसके चेहरे पर जो भाव था उसे मैंने पढ़ लिया-प्रियंका ने मुझसे कहा था-पापा इज डेड. सोनिया लिखती हैं मैंने उसकी तरफ इस उम्मीद से देखा था कि शायद यह बात गलत हो और मैं कोई बुरा सपना देख रही हूं.इस खबर की सच्चाई जानने के लिए मैंने खुद मिस्टर जॉर्ज को फोन किया. आप मुझे बताएं क्या यह सच है? उनकी आवाज लड़खड़ा गई. हां – यह सच है. साहब अब नहीं रहे. मैं अपनी बेटी की बाहों में सिमट गई. मैं चीख रही थी-मुझे उसके साथ जाना चाहिए था, मैं बार-बार चिल्लाई. प्रियंका ने मुझे बैठाया और कसकर पकड़ लिया जब मैं फूट-फूट कर रो रही थी. मेरा राजीव अब नहीं है. वह चला गया था. मैं उसका खूबसूरत चेहरा फिर कभी नहीं देख पाऊंगी. उसका स्पर्श अब मुझे कभी नहीं होगा, उसके गले लगने से जो सुरक्षा मुझे मिलती थी, वो खत्म हो गई है. मेरे जीवन में घना अंधेरा छा गया था.