Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

पवन कल्याण की तीसरी शादी में भी आई दरार, 13 साल बाद पत्नी अन्ना ने अलग होने का किया फैसला

INT News10 November 2026 at 07:27 am

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है. शादी के 13 साल बाद पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का फैसला किया है. सोमवार देर रात दोनों ने खुद एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिंदगी का एक अहम हिस्सा साथ बिताने के बाद अब वे आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं. हालांकि, बच्चों की खुशी और उनकी परवरिश की जिम्मेदारी दोनों मिलकर निभाएंगे.

पवन कल्याण और अन्ना ने जॉइंट स्टेटमेंट में क्या कहा?

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने साझा बयान में कहा कि उनका वैवाहिक रिश्ता भले ही खत्म हो रहा है, लेकिन वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे. दोनों माता-पिता के तौर पर अपने बच्चों की जिम्मेदारियां मिलकर निभाएंगे. उनके लिए बच्चों की खुशी और उनका भविष्य हमेशा पहली प्राथमिकता रहेगा.

दोनों ने इस निजी फैसले के दौरान लोगों और अपने शुभचिंतकों से निजता का सम्मान करने की अपील की. साथ ही, उन्होंने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने अब तक उनका साथ दिया है. हालांकि, जॉइंट स्टेटमेंट में दोनों ने अलग होने की वजह नहीं बताई. बच्चों की कस्टडी को लेकर भी कोई जानकारी साझा नहीं की.

फैमिली कोर्ट में दाखिल की तलाक की याचिका

जना सेना पार्टी के ने बताया कि पवन कल्याण और अन्ना के बीच पिछले कुछ महीनों से अलग होने को लेकर बातचीत चल रही थी. सूत्रों के अनुसार, दोनों फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल कर चुके हैं. यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है.

फिल्म के सेट पर हुई थी पहली मुलाकात

पवन कल्याण और अन्ना लेझनेवा की मुलाकात फिल्म 'तीस मार खान' के दौरान हुई थी. दोनों ने साल 2013 में शादी की थी. शादी के बाद अन्ना ने अपने नाम के साथ कोनिडेला जोड़ा. इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हैं. बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच और बेटी का नाम पोलेना अंजना पवनोवा है. अब अलग होने के फैसले के बाद दोनों ने बच्चों की जिम्मेदारी मिलकर निभाने की बात कही है.

पवन कल्याण की तीसरी शादी भी हो रही खत्म

पवन कल्याण की निजी जिंदगी में यह पहली बार नहीं है, जब उनकी शादी टूट रही है. अन्ना से पहले भी उनकी दो शादियां हो चुकी हैं. उन्होंने साल 1997 में विशाखापत्तनम की नंदिनी से शादी की थी. दोनों 1999 में अलग हो गए थे, जबकि उनका कानूनी तलाक साल 2008 में हुआ.

इसके बाद पवन कल्याण ने एक्ट्रेस रेणु देसाई से शादी की. दोनों की मुलाकात फिल्म 'बद्री' के दौरान हुई थी. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं. हालांकि, साल 2011 में दोनों अलग हो गए और 2012 में उनका तलाक हो गया.

अब अन्ना कोनिडेला से अलग होने के फैसले के साथ पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म हो रही है. फिलहाल दोनों ने अपने बच्चों की खुशी को सबसे ऊपर रखने की बात कही है.

ये भी पढ़ें: अमित शाह ने परिवार संग देखी रणबीर कपूर की 'रामायण', थिएटर से बाहर निकलते वीडियो ने खींचा ध्यान

ये भी पढ़ें: साई पल्लवी के सीता बनने पर क्यों उठे सवाल? धनुष ने दिया ऐसा जवाब, बोले- पूरे देश में नहीं मिलेगी...