समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह में बुजुर्ग महिला की नाक से निकले कीड़े:एंडोस्कोपी में चलते हुए दिखे, नाक से खून आने पर परिजन ले गए थे अस्पताल
दमोह जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बुजुर्ग महिला की नाक से मक्खी के 60 लार्वा निकाले हैं। 70 वर्षीय महिला नाक से लगातार खून आने और दर्द से परेशान थीं। जब वो अस्पताल पहुंची तो डॉक्टर ने उसकी जांच की तो नाक के अंदर बड़ी संख्या में लार्वा दिखाई दिए। इसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया और एंडोस्कोपिक पद्धति से सभी कीड़ों को बाहर निकाला। जिला अस्पताल के नाक-कान-गला (ENT) विशेषज्ञ डॉ. विशाल शुक्ला ने महिला का उपचार किया। महिला की एंडोस्कोपिक जांच के दौरान नाक के भीतर बड़ी संख्या में लार्वा चलते हुए नजर आए। इसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तुंरत ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से पहली बार में करीब 45 लार्वा निकाले गए। दूसरी बार में करीब 10 से 15 लार्वा निकाले गए। महिला की सेहत सुधरने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मक्खी के अंडों से विकसित हुए लार्वा
डॉ. विशाल शुक्ला के अनुसार, मक्खी ने महिला की नाक में अंडे दिए थे, जिनसे लार्वा विकसित हो गए। अगर समय पर इलाज नहीं होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। उन्होंने बताया कि सितंबर से दिसंबर के बीच इस तरह की समस्या होने की आशंका रहती है। ऐसे में बुजुर्गों की देखभाल को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बुजुर्गों को मच्छरदानी में सुलाना चाहिए और उनकी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी बुजुर्ग की नाक से दुर्गंध आए, खून निकले या कोई अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तत्काल डॉक्टर से जांच कराएं।