समाचार · झारखंड
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत, दाहीगोड़ा के पास हुआ हादसा

घाटशिला : घाटशिला में शनिवार रात रेल हादसे में महिला की जान चली गयी. दाहीगोड़ा स्थित हनुमान मंदिर के समीप रात करीब 10:30 बजे टाटानगर से घाटशिला की ओर आ रही डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत हो गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी और ट्रेन कुछ देर तक मौके पर ही खड़ी रही.
लालडीह की रहने वाली थी महिला
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान लालडीह निवासी महिला के रूप में बतायी जा रही है. हालांकि, उसकी विस्तृत पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी, मऊभंडार ओपी और घाटशिला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की.
किन परिस्थितियों में हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आयी. हादसा दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.