Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

दिल्ली में हवा की रफ्तार बढ़ी, 77 अंक सुधरा प्रदूषण का स्तर; फिर भी 23 इलाकों में सांस लेना मुश्किल

INT News10 November 2026 at 11:47 am

राजधानी दिल्ली की हवा 'बेहद खराब' से सुधरकर 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई. हालांकि, इस राहत के बीच चिंता की बात यह है कि दिल्ली के 23 निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता अब भी बेहद खराब बनी हुई है.

हवा चली तो 77 अंक सुधरा प्रदूषण का स्तर

दिवाली के अगले दिन यानी सोमवार को दिल्ली का औसत AQI 376 दर्ज किया गया था. यह 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है. मंगलवार को इसमें 77 अंकों की गिरावट आई और आंकड़ा 299 पर पहुंच गया. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, हवा की रफ्तार बढ़ने को प्रदूषण में इस मामूली सुधार की प्रमुख वजह माना जा रहा है.

इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण

दिल्ली के सभी इलाकों में प्रदूषण से राहत नहीं मिली है. मंगलवार को 59 में से 57 निगरानी केंद्रों के आंकड़े उपलब्ध थे. इनमें 23 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई.

पूसा रोड: AQI 385

चांदनी चौक: AQI 381

इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी का औसत AQI भले ही 300 से नीचे आ गया हो, लेकिन कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी चिंताजनक बना हुआ है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में दिन के दौरान मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है. राजधानी में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में AQI 3000 पार? AAP नेता सौरभ भारद्वाज का दावा, सरकार पर डेटा में हेराफेरी का आरोप

कितना AQI होने पर कितनी खराब होती है हवा?

CPCB के मानकों के अनुसार, AQI 0 से 50 तक अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बेहद खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है. यानी दिल्ली की हवा में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन AQI का 299 पर बने रहना बताता है कि प्रदूषण से पूरी राहत अभी नहीं मिली है.