समाचार · मध्य प्रदेश
हॉर्लिक्स के डिब्बे में छिपाकर लाई गई थी कोकीन:भोपाल स्टेशन पर जिस महिला को पकड़ा...वह घाना की निकली; 2.96 करोड़ की कोकीन जब्त
भोपाल रेलवे स्टेशन पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक विदेशी महिला को 9 नवंबर को 591 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। यह महिला घाना की रहने वाली है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 2.96 करोड़ रुपए बताई गई है। महिला चेन्नई से दिल्ली जा रही GT एक्सप्रेस के B2 कोच में सफर कर रही थी। उसने कोकीन को अपने हैंडबैग में रखे हॉर्लिक्स के जार और एक बेलनाकार पैकेट में छिपा रखा था। DRI की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 9 नवंबर की शाम भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर कार्रवाई की। महिला को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत जांच की जा रही है। तलाशी में मिले कोकीन के पैकेट DRI को सूचना मिली थी कि घाना की रहने वाली एक महिला ट्रेन नंबर 12615 ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस से चेन्नई से दिल्ली जा रही है और उसके पास नशीला पदार्थ हो सकता है। इसके बाद DRI अधिकारियों ने RPF भोपाल की एक महिला और दो पुरुष कांस्टेबलों के साथ मिलकर ट्रेन के B2 कोच में तलाशी अभियान चलाया। महिला को ट्रेन से उतारकर उसके कैरी बैग और हैंड पर्स की बारीकी से जांच की गई। तलाशी में दो अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखी गई कोकीन बरामद हुई। हॉर्लिक्स के जार में छिपाए थे 15 कैप्सूलनुमा पैकेट
महिला के हैंडबैग में रखे हॉर्लिक्स के जार के अंदर टेप से लिपटे 15 कैप्सूलनुमा पैकेट मिले। इनका कुल वजन 245 ग्राम था। इसके अलावा बैग में टेप से अच्छी तरह लपेटकर रखा गया एक बेलनाकार पैकेट भी मिला, जिसका वजन 346 ग्राम था। दोनों पैकेटों का कुल वजन 591 ग्राम निकला। DRI अधिकारियों ने पैकेट खोलकर जांच की तो उनमें सफेद पाउडर जैसा पदार्थ मिला। NDPS फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर इसके कोकीन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद करीब 2.96 करोड़ रुपए कीमत की कोकीन जब्त कर ली गई। चेन्नई से दिल्ली जा रही थी महिला
महिला GT एक्सप्रेस से चेन्नई से दिल्ली जा रही थी। DRI को पहले से उसके पास नशीला पदार्थ होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर भोपाल स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही कार्रवाई की गई। महिला को NDPS एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि महिला को कोकीन कहां से मिली थी और दिल्ली में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। इसके साथ ही तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।