समाचार · मध्य प्रदेश
सागर बुंदेलखंड मेडिकल कालेज से मरीज गायब:एक्सीडेंट में घायल होने पर किया था भर्ती, पलंग से बाथरूम करने गया फिर नहीं लौटा
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती एक मरीज अचानक लापता हो गया। सड़क हादसे में घायल होने के बाद परिजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार दोपहर वह बाथरूम जाने की बात कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद उसके दोस्त ने गोपालगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, सिलवानी निवासी अंशुल ठाकुर (20) को 8 नवंबर को सड़क हादसे में घायल होने के बाद बीएमसी में भर्ती कराया गया था। हादसे में उसकी आंख और सिर में चोट आई थी। परिजन के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अंशुल बाथरूम जाने की बात कहकर वार्ड से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजन ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज देखने पर कुछ कैमरे मिले बंद अंशुल के पड़ोसी आलोक शर्मा ने बताया कि उसके लापता होने की सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी गई थी। इसके बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ कैमरे बंद मिले। इसके बाद गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले भी लापता हुआ था मरीज, स्टोर रूम में मिला था शव गौरतलब है कि इससे पहले भी मेडिकल कॉलेज से एक मरीज लापता हो गया था। तीन दिन बाद उसका शव अस्पताल के वार्ड के स्टोर रूम में मिला था। इस घटना के बाद एक बार फिर अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।