समाचार · पंजाब
क्रिप्टो स्टाइलो कंपनी पर करोड़ों की ठगी का आरोप:पठानकोट में कारोबारी के घर ईडी ने मारा छापा, डिजिटल रिकॉर्ड किया जब्त
पठानकोट में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक घर में छापेमारी की। शहर के शास्त्री नगर में सुनील शर्मा के घर करीब चार घंटे तक जांच की गई।
यह कार्रवाई 5 हजार करोड़ रुपये की कथित क्रिप्टो निवेश ठगी के मामले में की गई।
टीम ने घर से कुछ जरूरी कागजात और डिजिटल साक्ष्य अपने कब्जे में लिए हैं। बताया जा रहा है कि सुनील शर्मा के क्रिप्टो कंपनी के मालिक गुरमीत सिंह चौधरी से कारोबारी संबंध थे। फिलहाल इस कार्रवाई में पठानकोट से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
4 घंटे तक टीम ने घर की ली तलाशी जम्मू से ईडी के छह अधिकारियों की टीम सीआरपीएफ जवानों के साथ पठानकोट पहुंची थी। टीम में कुल 13 लोग शामिल थे। तीन गाड़ियों में आई टीम ने शास्त्री नगर स्थित सुनील शर्मा के घर पर छापा मारा। करीब चार घंटे तक घर की तलाशी ली गई। इस दौरान अधिकारियों ने कागजात और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की और कुछ रिकॉर्ड अपने साथ ले गए। अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही इस कार्रवाई की जानकारी ईडी के आधिकारिक पोर्टल पर दी जा सकती है। लोगों को पैसे दोगुने करने का देते थे लालच यह मामला क्रिप्टो स्टाइलो (Crypto Stylo) नाम की कंपनी से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी के मालिक गुरमीत सिंह चौधरी लोगों को ऑनलाइन निवेश के जरिए पैसे दोगुने करने का लालच देते थे। इसके बाद उनसे पैसे लेकर ठगी की जाती थी। इस मामले में करीब 5 हजार करोड़ रुपये की ठगी होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस रकम की अभी ईडी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पठानकोट के रहने वाले सुनील शर्मा की जम्मू-कश्मीर के कठुआ में गत्ते की फैक्ट्री थी। बताया जा रहा है कि उनकी गुरमीत सिंह चौधरी से दोस्ती थी और दोनों ने मिलकर स्टाइलो टाइल्स नाम से एक फैक्ट्री भी शुरू की थी। इस कंपनी के कार्यालय दुबई तक होने की बात कही जा रही है। इसी कारोबारी संबंध के चलते सुनील शर्मा का नाम इस जांच से जुड़ने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, ईडी ने उनकी भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। कठुआ में भी कई जगह छापेमारी इसी मामले में ईडी की टीम ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में भी कई जगह छापेमारी की। मढ़ीन तहसील के बन्यारी, बकराक कॉलोनी, करंडी कलां और छपाकी कलां में तलाशी ली गई। जिन लोगों के घरों या ठिकानों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है, उनमें राकेश कुमार चौधरी, गुरमीत सिंह, गुरमीत चौधरी और परशोत्तम लाल के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ लोग गुरमीत चौधरी के रिश्तेदार या सहयोगी हैं। हालांकि, इन लोगों की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हुई है। फिलहाल ईडी की जांच जारी है। एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही ठगी की रकम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।